-बीच शहर कचरा गिरा रहा है पटना नगर निगम, दुर्गध से लोग हो रहे परेशान

PATNA: पटना में एक ओर जहां कोरोना को लेकर अलर्ट और सफाई अभियान चल रहा है वहीं शहर के बीचों-बीच डंपिंग जोन बना हुआ है। पटना नगर निगम के कर्मचारी मास्क लगाकर पूरे शहर को सैनिटाइज करने निकल पड़े हैं लेकिन सबसे ज्यादा भीड़-भाड़ वाले इलाके और नगर निगम मुख्यालय से महज कुछ कदम दूर स्थित जीपीओ गोलंबर पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। जहां गंदगी का अंबार लगा है। यहां से एक किलोमीटर आसपास गुजरने पर भी इसकी बदबू लोगों को परेशान करती है। बता दें इस एरिया में महावीर मंदिर, मस्जिद के साथ पटना जंक्शन होने के कारण हजारों लोग पैदल भी गुजरते हैं।

स्मार्ट सिटी के लिए है जमीन

जीपीओ के पास की ये जमीन स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट के लिए खाली कराई गई है। स्मार्ट सिटी का दावा तो था कि स्टेशन रोड एरिया को डेवलप किया जाएगा और मॉल सहित कई प्रोजेक्ट बनाने थे। लेकिन विभागीय कार्रवाई के कारण ये टेंडर रद हो गया। जिसके बाद से इस खाली जमीन को नगर निगम ने डंपिंग यार्ड बना दिया है।

बदबू से होती है परेशानी

बुद्धा समृति पार्क, स्टेशन से लेकर जीपीओ गोलंबर के साथ ही आसपास के एरिया बदबू से परेशान होती है। जीपीओ से पटना करबिगहिया या कंकड़बाग जाने वाले लोग जो फ्लाइओवर से गुजरते हैं वे भी अपने सांस को रोककर या रूमाल बांधकर फ्लाइओवर पार करने को मजबूर हैं। लेकिन नगर निगम के कचरे का पहाड़ बढ़ता ही जा रहा है। इसके निपटाने का कोई इंतजाम निगम नहीं कर रहा है।

क्या कहते हैं पार्षद

वार्ड 21 की पार्षद पिंकी कुमारी ने बताया कि इसके लिए कई बार नगर निगम को लेटर लिखा गया है पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। एरिया में सफाई नहीं होने से पटनाइट्स को दूसरी कई तरह की बीमारी होने का खतरा हो रहा है।

ये समस्या है तत्काल में दुर्गध को दूर करने के लिए छिड़काव किया जाएगा। डंपिंग यार्ड के लिए सेकेंडरी प्वाइंट गर्दनीबाग में तैयार किया जा रहा है। जल्दी ये समस्या दूर हो जाएगी।

-शीला ईरानी, अपर नगर आयुक्त, सफाई