पटना(ब्यूरो)। पटना समेत प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। प्रदेश के दक्षिणी भागों में आंशिक बादल छाने व उत्तरी भागों में मेघ गर्जन के साथ वर्षा के आसार बने हुए हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र दक्षिण बांग्लादेश तक बना हुआ है। इनके प्रभाव से प्रदेश के उत्तरी भागों में गुरुवार तक मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। इस दौरान हवा की गति 10-20 किमी प्रतिघंटा व झोंके के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा रहने का पूर्वानुमान है। मौसमी प्रभावों को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

22 जिलों के तापमान में गिरावट
मौसम विज्ञानी आशीष कुमार ने बताया कि सुपर साइक्लोन मोचा का प्रभाव प्रदेश के मौसम पर नहीं है। गर्म हवा उठने के दौरान बंगाल की खाड़ी से आने वाली ठंडी हवा का प्रभाव होने से रात में लोगों को राहत मिल रही है। वहीं इस दौरान प्रदेश में पुरवा का प्रवाह हो रहा है। सोमवार को पटना समेत 22 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। 40.8 डिग्री सेल्सियस के साथ गया प्रदेश का सर्वाधिक गर्म शहर दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों के दौरान पटना के अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री की गिरावट के साथ 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुपौल जिले के राघोपुर में 42.2 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। वहीं प्रदेश के मधेपुरा, सहरसा, अररिया, दरभंगा, मधुबनी समेत अन्य हिस्सों में वर्षा के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मंगलवार को पटना व इसके आसपास इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण मौसम सुहाना बना रहेगा।

प्रमुख शहरों के तापमान में गिरावट
बीते 24 घंटों के दौरान पटना समेत 22 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। पटना के अधिकतम तापमान में 3.6 डिग्री, नालंदा में 4.3 डिग्री, डेहरी में 0.4 डिग्री, नवादा में 0.1 डिग्री, जमुई में 0.6 डिग्री, कटिहार में 2.4 डिग्री, भागलपुर में 3.0 डिग्री, खगडिय़ा में छह डिग्री, वैशाली में 5.6 डिग्री, छपरा में 1.4 डिग्री, वाल्मीकि नगर में 2.5 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 4.8 डिग्री, कटिहार में 2.4 डिग्री, पूर्णिया में 2.8 डिग्री, अररिया में 3.8 डिग्री, फारबिसगंज में चार डिग्री, किशनगंज में तीन डिग्री, पूसा में 5.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। जबकि प्रदेश के औरंगाबाद, गया, बांका, मोतिहारी के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।