-अब तो जाग जाओ सरकार, आखिर पटना के सार्वजनिक स्थानों पर कब करवाओगे हैंड को सैनिटाइज

PATNA: कोरोना का संक्रमण तेजी से फैल रहा है। इस बीच सरकारी ऑफिस भी खुले हैं, लेकिन वहां हैंड सैनिटाइज करने की कोई व्यवस्था हीं नहीं है। यानी गेट पर से ही संक्रमण की चेन तोड़ने की बात हवा-हवाई हो रही है। खास तौर पर कम्यूनिटी लेवल पर संक्रमण को रोकने में खुलेआम लापरवाही हो रही है। न तो संबंधित विभाग गंभीर है और न ही निगम की ओर से प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर टच फ्री हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था है। यही वजह है कि हैंड सैनिटाइज करने की बात स्लोगन भर रह गई है। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट की जांच में यह चौंकाने वाला सच सामने आया है। वहीं, सरकारी ऑफिस में आम लोगों को भी काम की पड़ी है। सावधानी की तो परवाह ही नहीं है।

अंचल कार्यालय, पटना सदर

गांधी मैदान एरिया में ही इस कार्यालय में रोज पांच से दस हजार लोग आते-जाते है। लेकिन यहां भी हैंड सैनिटाइजर की कोई व्यवस्था ही नहीं है। जन्म -मृत्यु प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, आधार अपडेशन आदि से लेकर अन्य तमाम काम के लिए यह सार्वजनिक स्थान है। और तो और, यहां काउंटर पर लगे लोग भी सोशल डिस्टेंसिंग को लेकर लापरवाह दिखे।

पटना कलेक्ट्रेट

पटना कलेक्ट्रेट के बडे़ कैंपस में हर दिन हजारों लोग विभिन्न कार्य के लिए आते हैं। लेकिन यहां पर भी न तो टच फ्री सैनिटाइजर दिखा और न ही कार्यालयों में सैनिटाइजर की व्यवस्था दिखी। यहां कलेक्ट्रेट के पास ही बड़ी संख्या में वकील और टाइपिस्ट आदि भी रहते हैं। लेकिन हैंड सैनिटाइजर कहीं नहीं दिखा। लोगों ने बताया कि वे यहां आते हैं लेकिन हैड सैनिटाइजर नहीं मिला है।

बांकीपुर बस स्टैंड

शहर के सबसे व्यस्तम गांधी मैदान के इलाके में इस बस स्टैंड से हर छोटे जगह से लेकर नेपाल तक की बस का आना-जाना होता है। लेकिन न तो बुकिंग काउंटर पर और न ही मेन गेट पर ही हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था दिखी। बस वालों ने बताया कि लोगों की यहां कैंपस में ही कोरोन जांच तो होती है लेकिन हैड सैनिटाइजर की कोई सार्वजनिक व्यवस्था नहीं है।

नूतन राजधानी अंचल, नगर निगम कार्यालय

सिंचाई भवन के पास ही नगर निगम का नूतन राजधानी अंचल कार्यालय है। यहां पर निगम के तमाम सफाईकर्मी से लेकर अंचल में अपने-अपने काम को लेकर सैंकड़ों लोग आते है। यहां कैंपस में ही राजस्व कार्यालय भी है। लेकिन यहां टच फ्री हैंड सैनिटाइजर तो दूर की बात, गेट पर कोई सैनिटाइजर नहीं रखा गया है। इससे कोरोना संक्रमण को रोकने को लेकर लापरवाही हो रही है।

निगम की ओर से पटना के सार्वजनिक स्थानों पर हैंड सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं की गई है। निगम की ओर से बिल्डिंग को डिसइनफेक्ट करने के लिए व्यवस्था है। यह काम हर दिन किया जा रहा है।

-हर्षिता, पीआरओ, पटना नगर निगम