पटना (ब्यूरो)। राजधानी पटना को एक ऐसा स्थान मिल चुका है जहां जल्द ही एडवेंचर एक्टिविटीज होगी। यह एडवेंचर स्पॉट होगा अदालगंज तालाब। अदालतगंज तालाब स्मार्ट सिटी लिमिटेड का एक महत्वकांक्षी प्रोजेक्ट रहा है । बता दें कि वह दिसंबर, 2021 से ही आम लोगों के लिए खोल दिया गया था। लेकिन अब तक यहां पर शहरवासियों को घूमने -फिरने और घाट के सौंदर्यीकरण को ही देखने मिल रहा था। लेकिन जल्द ही अदालतगंज तालाब में जॉर्बिन बॉल,ट्रैंपोलिन की भी सुविधा मिलने लगेगी। इसे लेकर जोर-शोर से काम जारी है। हाल ही में पटना स्मार्ट सिटी लि। के एमडी अनिमेश कुमार पराशर ने अदालगंज तालाब का विजिट किया और बेहतर तरीके से संचालन शुरू करने का निर्देश दिया है। अदालतगंज तालाब के रिनोवेशन वर्क को लेकर यह स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत किया जा रहा है।

एक बार में चार बच्चे खेलेंगे

जॉर्बिन बॉल की सुविधा यहां आने वाले दिनों में मिलने लगेगी। जानकारी के मुताबिक जॉर्बिन बॉल से एक बार में चार बच्चे एक साथ खेल सकेंगे। इसके अलावा पांच पैडल के बोट पर चढऩे का भी मौका मिल सकता है। इसी प्रकार, पैंडल बोट पर एक साथ चार लोगों को संचालन करने की अनुमति मिल सकती है। सिर्फ यही नहीं, यहां कैंपस के अंदर पटना नगर निगम की ओर से दो कियोस्क भी लगाया गया है जिसकी मदद से फूड आइटम जैसे मिल्क शेक, स्नैक्स आदि भी मिल सकता है। यहां प्रवेश के लिए बड़ों के लिए पांच रूपये और बच्चों के लिए दो रूपये का टिकट शुल्क लग रहा है।

जल्द जारी होगा टेंडर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यहां पर हर प्रकार की फन एक्टिविटीज के बेहतर संचालन के लिए टेंडर किया जाएगा। ताकि इससे जुड़ी सभी एक्टिविटीज का बेहतर और सहज रूप ये संचालन किया जा सके। तालाब के पास ही एक छोटा सा प्ले एरिया भी डेवलप किया जाएगा। यहां बच्चों की एक्टिविटीज को देखते हुए सेफ्टी का भी पूरा ख्याल रखा जाएगा।

म्यूजिकल फाउंटेन का मिल रहा मजा

फिलहाल अदालतगंज तालाब में म्यूजिकल फाउंटेन का लोग मजा ले रहे हैं। यहां शहर के लोग क्वालिटी टाइम बिताने के लिए बड़ी संख्या में आने लगे हैं। जल्द ही यह शहर का एक बेहद आकर्षक केन्द्र बन जाएगा। बडे तो यहां पहले से ही आ रहे हैं और बच्चों का भी यहां आकर्षण बढ़े, इसके लिए ट्रैंपोलिन की भी सुविधा भी दिया जाएगा। जानकारी हो कि जॉर्बिन बॉल प्लास्टिक की बनी एक गोलाकार चीज होती है जिसके अंदर लोग बैठकर घूम सकते हैं।