पटना नगर निगम के सभी अंचल मुख्यालयों के पास धरना-प्रदर्शन

PATNA : सात सितंबर से होने वाली अनिश्चितकालीन हड़ताल को सफल बनाने के लिए शनिवार को पटना नगर निगम के सभी अंचल मुख्यालयों के पास सफाई कर्मियों ने झाड़ू, बेल्चा, ठेला लेकर प्रदर्शन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की। कर्मचारियों ने ग्रुप 'डी' के पदों को समाप्त करने तथा सफाई व्यवस्था की आउटसोर्सिंग को बिना विलंब किए वापस करने की मांग की है।

पटना नगर निगम संयुक्त कर्मचारी समन्वय समिति एवं बिहार लोकल बॉडीज कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि राज्य के सभी नगर निकायों के अंचल मुख्यालयों पर प्रदर्शन किया गया। सात सितंबर की सुबह से राज्यभर के शहरी क्षेत्र में कचरा उठाव व सफाई का कार्य ठप हो जाएगा। इस कार्य में 30 हजार से अधिक सफाई कर्मी लगे हुए हैं। सरकार की नीति से दैनिक मजदूरों में भारी रोष है। सरकार को इनकी उचित मांगों को पूरा करना होगा। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि हड़ताल की नोटिस के बाद भी वह चुप्पी साधे है। प्रदर्शन में समन्वय समिति के संयोजक मंगल पासवान, नीरज वर्मा, जितेंद्र कुमार आदि शामिल हुए।

मुख्य मांग

दैनिक मजदूरों का नियमितीकरण, समान काम के लिए समान वेतन या 18000 से लेकर 21000 रूपए तक मासिक वेतन, ग्रुप 'डी' के पदों को पुनर्जीवित करना, दैनिक आउटसोर्स पर रोक, नगर निकायों के स्तर पर ग्रुप '्सी' का नियंत्रण एवं अनुकंपा पर नियुक्ति को शीघ्र प्रारंभ करने की है।