पटना (ब्यूरो)। वायु प्रदूषण में कमी लाने में नगर बस सेवा अहम भूमिका निभाएगी। सभी डीजल बसें फरवरी में हटा दी जाएंगी। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने नगर बस सेवा के लिए 75 सीएनजी नई बसों की खरीद की है। परमिट के लिए आवेदन दे दिए गए हैं। क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकारी की फरवरी में होने वाली बैठक में परमिट मिल जाएगा।

75 नई सीएनजी बसों की खरीद
परिवहन निगम ने 75 नई सीएनजी बसों की खरीद की है। नगर बस सेवा के तहत पटना से हाजीपुर सहित अन्य रूटों में चलने वाली सभी डीजल बसें हटाई जाएंगी तथा सीएनजी युक्त हो जाएंगी। वायु प्रदूषण में कमी लाने के लिए परिवहन विभाग डीजलयुक्त बसों को क्रमवार ढंग से हटाने का कार्य कर रहा है। पुरानी बसें भी हटाई जाएंगी। 25 वातानुकूलित और 50 नन एसी सीएनजी बसें आ गईं हैं।

प्रत्येक बस में होगा पैनिक बटन
नगर बस सेवा में 120 बसें पटना की सड़कों पर चल रही हैं। पुरानी को हटाया जाएगा तथा नई बसों की संख्या में वृद्धि करने की योजना बनी है। पटना नगर बस सेवा में 2020 में 20 पुरानी बसों को सीएनजी में कन्वर्ट करके परिचालन शुरू किया गया था। 2021 में 50 सीएनजी और 25 ई-बसों की खरीद हुई। वर्तमान में 70 सीएनजी और 25 ई बसें नगर बस सेवा में चल रही हैं। 31 सीट की क्षमता वाली 75 बसें आ रही हैं। प्रत्येक बस में सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन भी लगा हुआ है।