-सभी प्रकोष्ठ और मंच भी भंग, दो महीने में गठित होंगी नई कमेटियां

PATNA: राज्यसभा उपचुनाव में कैंडिडेट नहीं देने की घोषणा के अगले दिन बिहार चुनाव में करारी हार के बाद लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने बुधवार को प्रदेश कार्यकारणी समिति एवं जिला कमेटियों के अलावा तमाम प्रकोष्ठों तथा मंचों को भंग कर दिया। चिराग ने इसकी घोषणा प्रदेश लोजपा कार्यालय में आयोजित पार्टी संसदीय बोर्ड की एकदिवसीय बैठक में की। दो माह में नये सिरे से प्रदेश कार्यकारणी से लेकर जिला कमेटियों एवं प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा। सांसद प्रिंस राज ने बैठक की अध्यक्षता की।

समीक्षा के बाद बनेगी टीम

लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान अब हर एक प्रकोष्ठ, मंच एवं मोर्चा की समीक्षा करके नई टीम बनाएंगे। इससे पहले चिराग ने लोजपा के सभी सांसदों, पूर्व सांसदों, प्रदेश संसदीय बोर्ड के सदस्यों, प्रदेश कार्यकारिणी समिति के उपाध्यक्षों, विभिन्न प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों तथा सभी प्रवक्ताओं के साथ बैठक की। बिहार चुनाव में लोजपा ने जो प्रर्दशन किया उससे हम संतुष्ट हैं। 24 लाख वोट लोजपा को मिले है। अब बिहार में लोजपा का विस्तार और संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा। इसके लिए बिहार चुनाव में लोजपा के सभी 134 उम्मीदवारों को भी संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेवारी दी जाएगी। वे खुद महीने के 10 दिन बिहार में बिताएंगे। चिराग ने कहा कि लोजपा अपने विजन डाक्यूमेंट पर आगे बढ़ेगी जिसे बिहार के 24 लाख लोगों का समर्थन मिला है। लोजपा का विस्तार देश भर में किया जाएगा।

बैठक में ये प्रमुख रहे मौजूद

सांसद चौधरी महबूब अली कैसर एवं वीणा देवी, पूर्व सांसद सूरजभान सिंह, लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष राजू तिवारी, डॉ.शाहनवाज अहमद कैफी, पूर्व विधायक राजकुमार साह, पूर्व एमएलसी हुलास पाण्डेय तथा विनोद सिंह, उपाध्यक्ष विरेश्वर सिंह, उषा शर्मा, प्रवक्ता अशरफ अंसारी, श्रवण अग्रवाल, कोषाध्यक्ष संजय सिंह, राजेश भट्ट, संजीव सरदार, कोमल सिंह।