-जेपीयू कैंपस में झाड़ी से पुलिस ने गोलू का शव किया बरामद

CHAPRA/PATNA : छपरा मुफस्सिल थाना एरिया से दस दिन पहले शहर के चर्चित डॉक्टर सजल कुमार के अपहृत भतीजे की हत्या कर दी गई। राहुल सांकृत्यायन नगर स्थित जेपीयू कैंपस स्थित झाड़ी से पुलिस ने गुरुवार को गोलू का शव बरामद किया। गोलू की हत्या की खबर शहर में आग की तरह फैल गई। गोलू के परिजन समेत आमजन घटना को लेकर स्तब्ध हैं। वहीं कानून व्यवस्था को लेकर लोगों में आक्रोश है। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं। घटना के कारणों का अब खुलासा नहीं हुआ है।

पतंग खरीदने गया था गोलू

सारण पुलिस को गुरुवार दोपहर विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने सूचना दी की झाड़ी में शव पड़ा है। सार्थक शेखर उर्फ गोलू का अपहरण होने की प्राथमिकी 15 जनवरी को दर्ज कराई गई थी। गोलू पतंग खरीदने गया था और वहीं से गायब हो गया था। परिजनों ने पुलिस को तत्काल सूचना दी थी। पुलिस विफल रही।

कपड़े और चप्पल से हुई पहचान

गोलू की हत्या की खबर से परिजनों में शोक की लहर है। पहले गोलू के अपहरण या लापता होने की आशंका पर पुलिस काम कर रही थी, लेकिन शव बरामद होने के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि गोलू का अपहरण करने के बाद ही हत्या की गई है। हत्यारों तक पहुंचना पुलिस के सामने चुनौती है। नगर थानाध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक जयप्रकाश पंडित ने बताया कि शव की पहचन बच्चे के कपड़े व चप्पल से की गई है। आशंका है कि दो-तीन दिन पहले ही हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को झाड़ी में फेंक दिया गया।

 

इस घटना की पूरी सच्चाई पुलिस सामने लाएगी। अपराधी जहां भी छिपे होंगे, गिरफ्तार कर पुलिस सख्त से सख्त सजा दिलाएगी।

-हर किशोर राय, एसपी, सारण