20 इलेक्ट्रिक, 10 सीएनजी और 5 एसी बसों में सफर करेंगे पटनाइट्स

PATNA :

अब जल्द ही शहर की सड़कों से काला धुंआ छोड़ती हुई पुरानी कंडम हो रही सिटी बसें गायब हो जाएंगी। शहर को स्मार्ट बनाने के लिए अब सड़कों पर पॉल्यूशन मुक्त इलेक्ट्रिक, सीएनजी और एसी बसें चलाई जाएंगी। इसके लिए बीएसआरटीसी की ओर से टेंडर भी निकाल दिए हैं। बसों के आते ही शहर की सड़कों पर नई बसें दौड़ती नजर आएंगी। उम्मीद जताई जा रही है कि दिसंबर तक ये बसें सड़कों पर चलने लगेंगी।

सिटी ट्रांसपोर्ट की सूरत बदलेंगी इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसें

अभी बांकीपुर बस स्टैंड में सिटी बस सर्विस के लिए 125 बसें फ्लीट (बेड़े) में शामिल हैं। नई बसों के आने से बसों की संख्या तो बढेगी ही साथ ही आने वाले दिनों में सिटी ट्रांसपोर्ट की सूरत भी बदलेगी। वर्तमान में सड़कों पर चल रही छोटी और कंडम हो रही बसों को हटाया जाएगा। इन बसों से पॉल्यूशन भी फैल रहे हैं। इलेक्ट्रिक और सीएनजी बसों के चलने से न केवल एयर पॉल्यूशन पर कंट्रोल होगा बल्कि साउंड पॉल्यूशन भी कम होगा।

क्या है इलेक्ट्रिक बसों की खासियत

बता दें कि राजधानी में सिटी सर्विस के लिए 20 इलेक्ट्रिक, 10 सीएनजी और 5 डीजल एसी बसें आएंगी। इलेक्ट्रिक बस को एक बार चार्ज करने पर यह 150 किलोमीटर तक जा सकती हैं। इसके लिए बस स्टैंड में फास्ट चार्जिग स्टेशन भी बनाए जाएंगे। छोटी इलेक्ट्रिक बस 9 मीटर जबकि बड़ी बस की लंबाई 12 मीटर होगी। छोटी बस में करीब 27 लोगों के तो बड़ी बस में करीब 32 लोगों के बैठने की सुविधा रहेगी।

बस : इलेक्ट्रिक : सीएनजी : डीजल (एसी)

प्राइस : 80-85 : 25-26 : 40-50 (लाख रुपए प्रति बस)

संख्या : 20 : 10 : 5

बसों के लिए टेंडर निकाल दिए गए हैं। जैसे ही कंपनी फाइनल हो जाएगी। उसके बाद से पटनाइट्स इस सेवा का लाभ ले पाएंगे।

अरविंद सिंह, रीजनल मैनेजर, बीएसआरटीसी