-भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने विकास से जुड़ी उपलब्धियां गिनाई

PATNA: भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी व जल संसाधन मंत्री संजय झा ने मंगलवार को संयुक्त रूप से नीतीश कुमार के पंद्रह वर्षो के कार्यकाल में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हासिल उपलब्धियों पर विस्तार से बात की। इन नेताओं ने कहा कि पूर्व के चुनाव में सड़क, बिजली और पानी से जुड़े मुद्दे वोटरों के जेहन में हुआ करते थे। इन पर नीतीश कुमार के नेतृत्व में विगत पंद्रह वर्षो में कितने काम हुए हैं, यह सभी को पता है। संजय झा ने कहा कि केंद्र सरकार 2024 तक हर घर को नल का जल उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर काम कर रही है। बिहार में यह काम अगले महीने ही पूरा हो जाएगा। लालू-राबड़ी सरकार के पंद्रह वर्षो में विकास दर नकारात्मक थी जबकि अभी यह 17 प्रतिशत है। इसी तरह 2005 में मात्र बिहार में 22 प्रतिशत घरों में ही बिजली थी। अब बिहार में हर घर में बिजली है।

सिंचाई प्रोजेक्ट पर 33 हजार, 164 करोड़ खर्च

संजय झा ने कहा कि पंद्रह वर्षो में यहां राज्य उच्च पथ 166.60 प्रतिशत तक बढ़े हैं। वर्ष 2005 में बिहार में ग्रामीण सड़कों की लंबाई 835 किमी थी जो अब बढ़कर 96500 किमी हो गयी है। सिंचाई की व्यवस्था बेहतर किए जाने को ले पंद्रह वर्षो में अब तक सिंचाई परियोजनाओं पर 33 हजार, 164 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं। अशोक चौधरी ने कहा कि नयी पीढ़ी को चरवाहा विद्यालय भेजने वाले लोग आज सवाल कर रहे हैं। प्रेस कांफ्रेंस में राष्ट्रीय सचिव रवींद्र सिंह समेत अन्य मौजूद थे।