-सभी गए थे खेलने, नहाने के दौरान एक को बचाने में गई जान

BEGUSARAI: बेगूसराय के बखरी थाना क्षेत्र के इटवा चौर में खेल-खेल में नहाने गए पांच बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। सभी बच्चे घाघड़ा गांव के थे। उम्र 10 से 15 वर्ष बताई गई है। सभी बच्चे साइकिल से इटवा चौर की ओर खेलने गए थे। चौर में स्नान करने की योजना बनाई। बच्चों को गड्ढे की गहराई का अंदाजा नहीं था। पानी में उतरते ही बच्चा डूबने लगा। उसे बचाने का प्रयास बाकी बच्चे करने लगे। इसी दौरान सभी पानी की गहराई में समाते चले गए। घर नहीं लौटने पर सभी के घर वाले खोज में निकले।

साइकिल देख शुरू की खोज

घर वाले लोगों से पूछताछ करते इटवा चौर पहुंचे। वहां बच्चों की साइकिल और सभी के कपडे़ मिले। स्वजनों ने गहरे पानी में बच्चों की खोज शुरू की। चार बच्चों का शव मिला। एक को तत्काल पीएचसी ले जाया गया। परंतु, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष बासुकीनाथ झा, अंचल निरीक्षक नितिन कुमार ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए।