दिल्ली से पटना आने वाले 22 विमानों में 15 पहुंचे लेट

-गो-एयर का विमान दिल्ली से उड़ा ढाई घंटे लेट, स्पाइस जेट की फ्लाइट 90 मिनट रही लेट

PATNA

: दिल्ली का कोहरा पटनाइट्स को सताने लगा है। दिल्ली एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी (दृश्यता) कम रहने के कारण फ्लाइट घंटों विलंब से पटना एयरपोर्ट पर लैंडिंग कर रही हैं। इससे पटना आने वाले पैसेंजर्स को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर से आ रही फ्लाइट की वजह पटना एयरपोर्ट का शेड्यूल गड़बड़ा गया है। दोपहर व शाम के विमान समूह में आने लगे, जिससे उन्हें लैंड कराने में भी परेशानी हुई। पार्किंग-वे भरा रहने के कारण विमानों को रास्ते में ही धीमा कराना पड़ा।

एयरपोर्ट रही काफी भीड़

पटना एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में रविवार को काफी भीड़ उमड़ी। विमानों के विलंब से आने के कारण सिक्योरिटी होल्ड एरिया में यात्रियों को बैठने तक की जगह नहीं मिल पा रही थी।

22 में से 15 फ्लाइट लेट

रविवार को दिल्ली से पटना आने वाले अधिकांश विमान काफी विलंब से पहुंचे। दिल्ली से पटना के लिए प्रतिदिन 22 विमान उड़ान भरते हैं। इनमें से 15 विमानों ने पटना एयरपोर्ट पर विलंब से लैंड किया। रविवार को दिल्ली से पटना आने वाली इंडिगो की उड़ान संख्या 6ई 494 सुबह 6.45 बजे के बजाय 8.10 बजे दिल्ली से उड़कर 8.20 बजे के बजाय 9.30 बजे पटना एयरपोर्ट पर लैंड की। इसी तरह इंडिगो का विमान संख्या 581 दिल्ली से 50 मिनट, 653 दिल्ली से 90 मिनट और 738 दिल्ली से 50 मिनट के विलंब से उड़ान भरा। एयर इंडिया की 407 दिल्ली से 2.10 घंटे, 409 दिल्ली से 2 घंटे और 415 दिल्ली से ही एक घंटे विलंब से उड़ान भरी। गो-एयर का विमान संख्या 131 दिल्ली से 40 मिनट, 133 दिल्ली से 2 घंटे, 135 दिल्ली से 50 मिनट, 143 दिल्ली से 45 मिनट, 231 दिल्ली से ही एक घंटे, 2511 दिल्ली से ढाई घंटे, एसजी 8480 दिल्ली से 90 मिनट और विस्तारा की फ्लाइट दिल्ली से 45 मिनट विलंब से उड़ान भरी।

सुबह में छाया रहेगा कोहरा

पटना में सोमवार की सुबह कोहरा छाया रहेगा। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार गंगा के तटीय क्षेत्र के अलावा गया, नालंदा, जहानाबाद और औरंगाबाद में कोहरा दिखेगा। मौसम विभाग के अनुसार हवा में नमी की मात्रा बढ़ने के कारण रात में ठंड का अहसास होगा।

देर से दर्शन दिए सूर्यदेव

रविवार की सुबह धुंध रहने के कारण देर से सूर्य के दर्शन हुए। दिन में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के कारण धूप मद्धिम रही। पटना का अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 20.4 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 20.2 डिग्री सेल्सियस रहा।