PATNA: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दीपनारायण सिंह के पौत्र और अमेरिका के जाने-माने उद्योगपति संजय सिंह की मौत संडे को उनके आवास पर हार्ट-अटैक से हो गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही स्वजनों एवं उनके पैतृक गांव वैशाली जिले के पुरनटांड में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार लालगंज थाना क्षेत्र के पुरनटांड गांव निवासी एवं एचइसी के सेवानिवृत कमांडेट वीरेंद्र प्रसाद सिंह के पुत्र संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह बीआईटी मेसरा रांची से इंजीनिय¨रग करने के बाद अमेरिका में एक कंपनी में कार्य करने लगे। उन्होंने अमेरिका में ही अपनी एक कंपनी खोल ली और न्यू जर्सी में रहने लगे। कुछ ही वर्ष में अमेरिका के बड़े उद्योगपतियों में शुमार हो गए थे।

सीढ़ी चढ़ते समय आया हार्ट-अटैक

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार संडे को वह कंपनी से घर लौट आए थे और घर की सीढ़ी पर चढ़ने के दौरान उन्हें हार्ट-अटैक आया। जब तक उन्हें अस्पताल ले जाया जाता तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उनकी मौत पर रवींद्र प्रसाद सिंह, बीरेश्वर प्रसाद सिंह, उमेश प्रसाद सिंह, कमल प्रसाद सिंह, सीके सिंह और अश्विनी कुमार सिंह आदि ने शोक व्यक्त किया है।