-आरा में दो घंटे तक कराहती रही प्रसूता ने दिया बच्ची को जन्म, दो घंटे लगा रहा जाम, अस्पताल में दोनों स्वस्थ,

ARA :

भोजपुर जिले के आरा शहर में सोमवार की दोपहर भीषण जाम में फंसी एक गर्भवती दो घंटे तक एंबुलेंस में प्रसव पीड़ा से कराहती रही। अंतत: एंबुलेंस में ही उसने बच्ची को जन्म दिया। बाद में सदर अस्पताल मे प्रसूता और नवजात का इलाज किया गया। फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।

तड़प रही थी गर्भवती, नहीं सुन रहे थे लोग

जानकारी के अनुसार आरा शहर के महावीर टोला रोड में दोपहर बारह बजे के आसपास यहां भीषण जाम लगा था। बड़हरा के कृष्णागढ़ थाना के पदमिनिया गांव निवासी वीरेंद्र यादव की पत्नी राखी देवी को सोमवार की सुबह प्रसव कराने के लिए बड़हरा प्रखंड के गजियापुर अतिरिक्त पीएचसी ले जाया गया था। वहां चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया। गर्भवती को सरकारी एम्बुलेंस से सदर अस्पताल, आरा लाया जा रहा था। लेकिन, महावीर टोला में भीषण जाम के कारण एम्बुलेंस फंस गई। इस दौरान स्वजन व आशा कार्यकर्ता सदर अस्पताल जाने के लिए हंगामा करते रहे। गर्भवती तड़प रही थी। नतीजा यह हुआ कि एंबुलेंस में ही प्रसव कराना पड़ा। आशा कार्यकर्ता मंजू देवी ने बताया ट्रैफिक पुलिस भी थी। लेकिन कोई सुन नहीं रहा था।