पटना (ब्यूरो)।गुरुवार की रात छह वर्ष पहले प्रेम विवाह करने वाला पति का हैवानियत भरा चेहरा सामने आया। उसने पत्नी की पहले पीट-पीटकर जान ली, फिर शव को फंदे पर लटका कर फरार हो गया। महिला दीपनगर थाना क्षेत्र के मेघी नगमा गांव निवासी नीतीश कुमार की 23 वर्षीय पत्नी संध्या रानी थी। पड़ोसियों से सूचना पाकर ङ्क्षबद थाना क्षेत्र के सतकपुर गांव निवासी मायके के स्वजन पहुंचे। वहां उन्हें बेटी की लाश मिली। दामाद घर से फरार था। स्वजन दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मांग रहा था दहेज में दस लाख
स्वजन ने बताया कि 2016 में नीतीश से संध्या का प्रेम विवाह हुआ था। उस समय नीतीश बेरोजगार था। दोनों चौधरी कॉलोनी में किराया पर रह रहे थे। शादी के बाद कभी भी पत्नी को अपने घर लेकर नहीं गया। इधर, कुछ माह से पति दहेज में दस लाख रुपये की मांग कर रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया जा रहा था। मायके वालों का आरोप है कि रात में पति ने अपने अन्य स्वजन के साथ मिलकर पीट-पीटकर संध्या की हत्या कर दी। इसके बाद पुलिस को गुमराह करने की मंशा से शव को फंदे पर लटका दिया। संध्या को कोई संतान नहीं है। इस संबंध में थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। लिखित शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी।