-हत्या के पांच दिन बाद बरामद किया गया शव

-आरोपित को गिरफ्तार कर जांच में जुटी पुलिस

KISHANGANG: किशनगंज के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एक सिरफिरे प्रेमी ने दुष्कर्म के बाद नाबालिग प्रेमिका की हत्या कर शव को दफना दिया। निर्मम तरीके से की गई हत्या का राज खुद आरोपी प्रेमी ने खोला। कुसियारी पंचायत के भाउलीगछ निवासी आरोपी प्रसनजीत सिंह की निशानदेही पर हत्या के 5वें दिन संडे की रात शव को बरामद किया गया। मृत किशोरी के पिता के बयान पर अन्य धाराओं के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज कर आरोपी प्रसनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

5 को गायब हुई थी नाबालिग

थानाध्यक्ष कुंदन कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। बीते 5 मई को 16 वर्षीय नाबालिग घर से गायब हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब घरवालों को पता नहीं चला तो शक के आधार पर स्वजन प्रसनजीत सिंह के घर भउलीगछ पहुंचे और अपनी लड़की के बारे में पूछताछ की। लड़की को एक-दो बार उन्होंने मोबाइल फोन पर लड़के से बातचीत करते हुए सुना था। डांट-फटकार

के क्रम में उसने प्रसनजीत का नाम बताया था।

9 मई को हत्या की बात स्वीकारी

बताया गया कि किशोरी की खोज में स्वजन जब लड़के के घर पहुंचे तो उसने कहा कि लड़की को सिलीगुड़ी स्थित माटीगाड़ा में एक गैराज मालिक के हवाले कर दिया गया है। एक-दो दिन में वह उसे सकुशल लाकर सौंप देगा। तीसरे दिन पुन: जब किशोरी के घर वाले भाउलीगछ पहुंचे तो आरोपी के घर में कोई नहीं था। फिर 9 मई की शाम को जब लड़की के पिता अन्य ग्रामीणों को लेकर भाउलीगछ पहुंचे तो आरोपी प्रसनजीत सिंह ने कबूल किया कि उसने लड़की की हत्या कर शव को दफन कर दिया है।

दुपट्टे से गला घोंट हत्या कर दी

इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने प्रसनजीत सिंह की निशानदेही पर हारूपोखर स्थित बांस की झाड़ी के पास से संडे देर रात को किशोरी का शव बरामद किया। पुलिस को लड़के ने बताया कि 5 मई को उसने लड़की को बुलाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। उसके बाद लड़की घर जाने की जिद करने लगी। इससे घबराकर उसने उसके दुपट्टे से ही गला घोंटकर हत्या कर दी।