-बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर मां की गोली मारकर हत्या

-पटना के फतुहा का मामला, तीन हिरासत में, घटनास्थल से खोखा बरामद

PATNA: यूपी के हाथरस के नौजरपुर गांव में बेटी से छेड़छाड़ की कंप्लेन करने वाले पिता की मंडे शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब इसी तरह की घटना ने पटना को शर्मसार किया है। पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के एक गांव में बेटी से छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने उसकी मां की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद से गांव में तनाव है। इस कांड में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से दर्जन भर खोखा बरामद किया है।

पड़ोसी ने किया था दुष्कर्म का प्रयास

परिजनों ने बताया कि बेटी ट्यूजडे की रात घर से बाहर शौच के लिए निकली थी। तभी पड़ोस के ही एक युवक ने दुष्कर्म का प्रयास किया। इसकी जानकारी बेटी ने घर आकर मां को दी। बुधवार की सुबह 8 बजे पीडि़ता की मां अपने घर के बाहर छेड़खानी का विरोध करते हुए आरोपित को गाली-गलौज कर रही थी। इसी बीच बदमाश आ धमके। उन्होंने महिला को गोली मार दी। गोली महिला के सिर और छाती में लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी। आनन-फानन स्वजन महिला को इलाज के लिए फतुहा हॉस्पिटल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हिरासत में लेकर तीन से पूछताछ जारी

हत्या के बाद से गांव में तनाव है। सूचना मिलते ही फतुहा के एसडीपीओ राजेश कुमार मांझी, थानाध्यक्ष मनोज सिंह दलबल के साथ गांव पहुंचे। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।