पटना ब्‍यूरो। शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार स्थित मछली गली में रविवार की सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार अपराधियों ने अस्पताल संचालक 45 वर्षीय अविनाश आनंद उर्फ गुड्डू सिह को सिर में गोली मारकर घायल कर दिया। उन्हें गंभीर हालत में राजा बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है। घटना की सूचना मिलते ही शास्त्रीनगर थाने की पुलिस, सिटी एपी मध्य और डीएसपी मौके पर पहुंच गए। एसएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। मामले में छह लोगों के खिलाफ नामजद केस किया गया है। शास्त्री नगर थानेदार अमर कुमार ने बताया कि एक आरोपित खटाल संचालक मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। जांच में पता चला कि साईं मंदिर के पास सरकारी जमीन में खटाल चल रहा था। अतिक्रमण की शिकायत पर प्रशासन ने खटाल को हटा दिया। इसी बात को लेकर रंजिश में अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। घटना में संलिप्त अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

अविनाश आनंद परिवार के साथ मछली गली में ही रहते हैं। पास में ही अविनाश का न्यू आनंद नाम से हास्पिटल है। इसके साथ वे होटल और लाज भी चलाते हैं। बताया जा रहा है कि वह सुबह बाइक से साईं मंदिर के पास गिट्टी उतरवाने के लिए गए थे। सामने किराना दुकान के पास उन्होंने बाइक रोकी थी। वह बाइक पर ही बैठकर किसी का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच, पीछे से बाइक सवार तीन अपराधी आ गए। जो चलती बाइक से उनके सिर के पीछे गोली मारते हुए फरार हो गए। गोली लगते ही वह बाइक सहित सड़क पर गिर गए। इधर फायङ्क्षरग की आवाज सुनकर आसपास के लोग जुट गए। उनके सिर से खून निकल रहा था। आनन फानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अपराधी मास्क और गमछे से चेहरा ढक रखे थे

सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि अपराधी नेहरू पथ से मछली गली की तरफ से आए। तीनों मास्क और गमछे से चेहरा ढक रखे थे। बाइक पर पीछे सवार युवक पीले रंग की शर्ट पहन रखी थी। उसी ने फायङ्क्षरग की।

खटाल संचालकों को था संदेह

साईं मंदिर से सटे सड़क किनारे करीब तीन क_े सरकारी जमीन पर खटाल चल रहा था। खटाल संचालकों को संदेह था कि जिला प्रशासन की कार्रवाई उनकी शिकायत पर की गई थी। इसी बात को लेकर अविनाश को गोली मारने की सूचना मिल रही थी।