पटना(ब्यूरो)। प्रदेश के अलग-अलग भागों में मौसम का अलग अलग रंग दिख रहा है। पटना व प्रदेश के दक्षिणी भागों का मौसम शुष्क है। ऐसे में यहां गर्मी परेशान कर रही है। वहीं उत्तरी भागों में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है। शुक्रवार को पटना समेत प्रदेश के 27 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि आई है। 42.2 डिग्री सेल्सियस के साथ औरंगाबाद में प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं 3.8 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि के साथ पटना का अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटों के दौरान उत्तरी भागों के किशनगंज के दीघलबैंक में सर्वाधिक वर्षा 24.2 मिमी दर्ज की गई। प्रदेश के किशनगंज के टेढागाछ में 11.4 मिमी, किशनगंज में 7.1 मिमी, किशनगंज के ठाकुरगंज में 6.8 मिमी, बांका में पांच मिमी, अररिया में 4.5 मिमी, कटिहार में एक मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी उत्तरप्रदेश तक फैला हुआ है। इनके प्रभाव से अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर पूर्व बिहार के सात जिलों के सुपौल, अररिया, किशनगंज, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार के एक या दो स्थानों पर मेघ गर्जन के साथ हल्की वर्षा का पूर्वानुमान है। जबकि पटना समेत प्रदेश के शेष भागों में मौसम शुष्क बना रहेगा। पुरवा के प्रवाह से उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहेंगे।

सोमवार व मंगलवार को आंधी-पानी का अलर्ट
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार व मंगलवार को प्रदेश के उत्तरी भागों में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ 30-40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा का प्रवाह रहेगा। इन मौसमी प्रभावों को देखते हुए मौसम विज्ञान केंद्र ने चेतावनी जारी की है। खासतौर पर किसान भाईयों को सलाह दी है कि दो दिनों के दौरान अपनी फसलों व पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर रखें।

प्रमुख शहरों के तापमान में वृद्धि
पटना के अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री, गया में 2.6 डिग्री, औरंगाबाद में 1.7 डिग्री, नवादा में 2.8 डिग्री, जमुई में 4.2 डिग्री, नालंदा में 3.1 डिग्री, बांका में 5.1 डिग्री, कटिहार में 1.3 डिग्री, पूर्णिया 2.2 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 2.2 डिग्री, भागलपुर में 1.9 डिग्री, वैशाली में 4.9 डिग्री, पूसा में दो डिग्री, सुपौल में 1.1 डिग्री, मोतिहारी में दो डिग्री, डेहरी में एक डिग्री, वाल्मीकि नगर में 0.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।