- परिवहन सचिव के आदेशों का सिटी बसों में नहीं हो रहा पालन

- चालक-परिचालकों को आदेशों के संबंध में नहीं है कोई जानकारी

Patna@inext.co.in

PATNA : कोरोना वायरस को लेकर केंद्र और प्रदेश सरकारें गंभीर हैं। सभी विभागों ने अपने-अपने अधीनस्थों और विभागों को सावधानी बरते जाने के आदेश दिए हैं। इसी को देखते हुए स्कूल, कॉलेज, कोचिंग सेंटर, सिनेमाहॉल, मल्टीप्लेक्स बंद हो गए हैं। इसी कड़ी में परिवहन सचिव संजय अग्रवाल ने सिटी बसों में सैनिटाइजर लगाए जाने के आदेश दिए हैं। बावजूद इसके बचाव और सुरक्षा की दृष्टि से सिटी बसों में कोई इंतजाम नहीं हैं।

चालक और परिचालकों को नहीं है जानकारी

कोरोना वायरस को लेकर क्या सावधानी बरतनी है। बचाव और सुरक्षा के दृष्टिगत परिवहन सचिव ने क्या आदेश दिए हैं, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। इस संबंध में सिटी बस चालक महेश से बात की तो उन्होंने बताया कि किसी आदेश की उन्हें जानकारी नहीं है। उसका यह भी कहना था कि बस मालिक ने उन्हें कोई जानकारी नहीं दी है। रोजाना की तरह बस चलाते हैं, वैसे ही चला रहे हैं। इस संबंध में दैनिक जागरण आईनेक्स्ट की टीम ने कई सिटी बसों की पड़ताल की, अधिकांश ने यही बताया कि उन्हें किसी आदेश की जानकारी नहीं है।

- हजारों लोग करते हैं रोजाना सफर

राजधानी की सिटी बसों में रोजाना हजारों लोग सफर करते हैं। इन बसों में परिवहन सचिव के आदेश के मुताबिक सेनिटाइजर आदि की भी व्यवस्था नहीं है। यही नहीं सफर करने वालों में 50 प्रतिशत लोग ही मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं। बाकी के वैसे ही सफर कर रहे हैं। इससे संक्रमण की आशंका बढ़ जाती है।

सैकड़ों के टच में आता है बस स्टाफ

सिटी बसों के परिचालक रोजाना किराया लेने से लेकर सवारियों को बिठाने से लेकर भाड़ा वसूलने के दौरान सैकड़ों लोगों के संपर्क में आता है। इसे ध्यान में रखते हुए परिचालक को ज्यादा सावधानी बरतनी चाहिए। सवारियों के हितों को देखते हुए चालक और परिचालकों का स्वस्थ, सुरक्षित और सजग रहना आवश्यक है। लेकिन सिटी बसों में ऐसा किसी भी स्तर पर नहीं दिख रहा है। न तो इस ओर बस मालिक ही ध्यान दे रहे हैं और न ही संबंधित विभाग।

आदेश के बाद भूला विभाग

सिटी बसों में सेनिटाइजर और सावधानी बरते जाने के आदेश के बाद विभाग भूल गया है। आदेशों का पालन हो रहा है अथवा नहीं इसकी जानकारी जुटाना तक मुनासिब नहीं समझा।

सेनिटाइजर क्या होता है। इसकी हमें जानकारी नहीं है। किसी आदेश के बारे में बस मालिक ने हमें कोई जानकारी नहीं दी है।

अशोक कुमार, सिटी सब चालक

अगर कोई आदेश आया होता तो बस मालिक को पता होगा। हम तो सिर्फ बस चलाते हैं। जो आदेश बस मालिक देते हैं, उनका पालन करते हैं।

राजकुमार, सिटी बस चालक