-रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल और मधुबनी में काल वैशाखी का असर

-पटना और गया में अधिकतम तापमान रहा 39.6 डिग्री

PATNA: अब बिहार में काल वैशाखी ने एंट्री की है। इससे प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-पानी का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार को प्रदेश का पश्चिमी और उत्तरी हिस्सा काल वैशाखी की चपेट में रहा। रोहतास, औरंगाबाद, सुपौल और मधुबनी में तेज आंधी आई और हल्की बारिश भी हुई। तेज आंधी के कारण कई पेड़ गिर पड़े।

12 अप्रैल से चल सकती है लू

मध्य बिहार में भी पछुआ की गति स्पीड होने से पटना समेत प्रदेश का मध्य भाग काफी गर्म रहा। पटना और गया में अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। फ्राइडे को भी इसमें वृद्धि होने की संभावना है। बताया गया कि प्रदेश में 12 अप्रैल से लू चल सकती है।

लगातार बढ़ रही गर्मी

वर्तमान में पश्चिम से आने वाली गर्म हवा के कारण प्रदेश में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। गुरुवार को पटना का पारा 39.6 पर पहुंच गया। वहीं, भागलपुर में 36.7 व वाल्मीकिनगर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दूसरी ओर पटना में न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। पटना की हवा में आ‌र्द्रता 68 परसेंट रिकॉर्ड की गई।

क्या है काल वैशाखी

काल वैशाखी के दौरान किसी खास क्षेत्र में अचानक आकाश में बादल छा जाते हैं और देखते ही देखते आंधी आ जाती है। बारिश होने लगती है। आंधी तेज होने के कारण प्रभावित क्षेत्रों में फसलों को बड़ा नुकसान होने का खतरा रहता है। इसलिए किसान मौसम के मिजाज को देखते हुए फसल तैयार करने में लगे रहते हैं।

काल वैशाखी के कारण ही प्रदेश में आंधी और बारिश का आना तेज हो गया है। ऐसी स्थिति जून तक बनी रह सकती है। जून में मानसूनी बारिश से काल वैशाखी समाप्त हो जाएगा।

-संजय कुमार, मौसम वैज्ञानिक, विज्ञान केंद्र पटना