-पूर्व सांसद साबिर अली, पूर्व एमएलसी हुलास पांडेय, विधायक कुंदन सिंह, बीजेपी नेता अíजत चौबे समेत अन्य ने जताया शोक

PATNA: दैनिक जागरण आईनेक्स्ट, पटना के संपादकीय प्रभारी कुशल खरे का सोमवार सुबह मेरठ में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद मेरठ के केएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तभी से वह वेंटिलेटर पर मौत से जूझ रहे थे। उन्होंने करीब 9 साल तक दैनिक जागरण आईनेक्स्ट, मेरठ में अपनी सेवाएं दीं, पिछले साल नवंबर में उनका स्थानांतरण पटना हुआ था। उनका परिवार मेरठ में सरस्वती लोक कॉलोनी में रह रहा है। वह अपने पीछे पत्नी उत्तमा, पुत्री खुशी और पुत्र प्रसन्न को छोड़ गए हैं। सोमवार को मेरठ के सूरजकुंड श्मशान घाट पर उनके पुत्र ने उन्हें मुखाग्नि दी।

कुशल मृदुभाषी और नेक दिल इंसान थे : मंत्री अश्विनी चौबे

डीजे आईनेक्स्ट के संपादकीय प्रभारी कुशल खरे के निधन पर केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्रि्वनी चौबे ने गहरा शोक व्यक्त किया है। चौबे ने कहा कि कुशल बडे़ ही प्रतिभावान, मृदुभाषी और नेक दिल इंसान थे। उनके असमय निधन से पत्रकारिता जगत का एक उभरता हुआ सितारा डूब गया। मैं उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा को शांति प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। वहीं, बीजेपी के राज्यसभा सांसद सुशील मोदी ने शोक जताते कहा कि इसी वर्ष जनवरी में उनसे मुलाकात हुई थी, वे सरल ह्दय के व्यक्ति थे। ईश्वर इस दु:ख की घड़ी में उनके फैमिली मेंबर्स को सहनशक्ति दें। पूर्व सांसद साबिर अली ने उनके निधन को पत्रकारिता जगत में अपूर्णीय क्षति बताया। विधायक कुंदन सिंह ने कुशल खरे के निधन पर कहा कि उनके पूरे पत्रकारिता जगत को दु:ख पहुंचा है। विधान पार्षद प्रमोद चंद्रवंशी व भाजयुमो राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य अर्जित शाश्वत चौबे समेत अन्य ने भी निधन पर दु:ख व्यक्त किया है।