PATNA: बिहार के नेताओं ने भी आस्था और उत्साह के साथ छठ महापर्व मनाया। सीएम नीतीश कुमार ने लोक आस्था का महापर्व छठ के अंतिम दिन सैटरडे की अहले सुबह अपने आवास एक अणे मार्ग में उदीयमान भगवान भास्कर को अ‌र्घ्य अíपत किया और ईश्वर से राज्य एवं देशवासियों की सुख, शांति एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना की। साथ ही उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी समेत अन्य नेताओं ने भी अ‌र्घ्य देकर छठ पर्व मनाया।

शांति पूर्ण संपन्न हुआ महापर्व

लोक आस्था का महापर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। पटना में छठ के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं आई। जिला प्रशासन घाटों पर पूरी तरह से मुस्तैद रहा। शुक्रवार को शाम की अ‌र्घ्य के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त संजय कुमार अग्रवाल, डीएम कुमार रवि, नगर आयुक्त हिमांशु शर्मा, एसएसपी उपेन्द्र शर्मा, अपर नगर आयुक्त देवेन्द्र तिवारी सहित कई पदाधिकारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते नजर आए। इस दौरान भीड़ प्रबंधन, सेक्टर पदाधिकारी की तैनाती, विधि व्यवस्था का संधारण, नियंत्रण कक्ष, पीए सिस्टम से एहतियाती सुरक्षात्मक उपायों की घोषणा, नदियों में नावों का परिचालन, ट्रैफिक व्यवस्था और कोविड प्रोटोकॉल का निरीक्षण किया गया। अस्ताचलगामी सूर्य के अ‌र्घ्य दिए जाने के मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त पटना, संजय कुमार अग्रवाल ने डीएम एसएसपी सहित उच्चाधिकारियों की टीम के साथ मोटरवोट के माध्यम से गंगा तट स्थित घाटों का निरीक्षण किया।