पटना (ब्यूरो)। कभी-कभी इंसान शक के आगे प्रेम भी भूल जाता है। कुछ ऐसा ही हुआ आलमगंज थाना क्षेत्र के गायघाट लोहा गोदाम निवासी नीरज के साथ। 10 वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था लेकिन फ्राइडे को मामूली विवाद में पति नीरज कुमार ने उसी प्रेमिका यानी पत्नी रेणु देवी के गले में चाकू घोंपकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद खुद के गले पर चाकू से वार कर खुदकुशी का प्रयास किया। घायल नीरज को पुलिस ने इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया।

जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि नीरज ने रेणु से दस साल पहले प्रेम विवाह किया था। वह निजी कंपनी में काम करती थी और पति घर पर रहता था। उसके आठ वर्षीय पुत्र ने आंखों के सामने पिता द्वारा मां की हत्या करने का पूरा मामला पुलिस को बताया। पुलिस का कहना है कि घायल नीरज के बयान के बाद ही इस हत्याकांड से जुड़ी और जानकारी मिल सकेगी। पूरे मामले की छानबीन जारी है।

चश्मदीद 8 वर्षीय पुत्र ने खोला राज
थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि गायघाट लोहा गोदाम के समीप शुक्रवार की शाम पति द्वारा पत्नी पर चाकू से वार करने की सूचना मिलने पर घटनास्थल पहुंचा। घर में मौजूद आठ वर्षीय बच्चे ने बताया कि 30 वर्षीया मां रेणु देवी किसी से मोबाइल पर बात कर रही थी। पिता नीरज कुमार द्वारा बात करने से मना करने के बावजूद मां मोबाइल पर बात करती रही। इसी बात को लेकर दोनों में झगड़ा हुआ। इसी बीच पिता ने घर में रखे चाकू से मां रेणु को गोदकर मार दिया। बेटे ने बताया कि मां की हत्या करने के बाद पिता ने खुद चाकू से अपने गले पर वार कर खुदकुशी करना चाहा।

नीरज करता था पत्नी पर शक
थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया छानबीन में पता चला है कि पति नीरज कुमार ने दस वर्ष पहले रेणु से प्रेम विवाह किया था। वह घर पर ही रहता था। पत्नी रेणु किसी निजी कंपनी में काम करती थी। पत्नी अक्सर किसी व्यक्ति से मोबाइल पर अधिक देर तक बातचीत करती थी। इस कारण नीरज अपनी पत्नी पर शक करता था। इसको लेकर अक्सर दोनों के बीच झगड़ा होता था।