-घटना में 35 नामजद आरोपितों में से अब तक 24 जा चुके हैं जेल, शेष के लिए रेड जारी

MADHUBANI: मधुबनी के महमदपुर गोलीकांड के 11 नामजद फरार आरोपितों के घर कोर्ट के निर्देश पर पुलिस ने रविवार को इश्तेहार चिपका दिया। इस क्रम में महमदपुर, गैबीपुर, गम्हरिया, पौआम गांव कीसड़क पर ढोल बजाकर आरोपितों को जल्द सरेंडर करने की हिदायत भी दी गई। डीएसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि गैबीपुर गांव के आरोपित सुजय साफी, पौआम गांव के मनोज सिंह, गम्हरिया गांव के आनंद चौधरी, महमदपुर गांव के उमेश सिंह, अशोक सिंह, मुसाफिर सिंह, सुजीत कुमार सिंह, विमलेश सिंह, बबन सिंह, मनोज झा, भवनारायण झा के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया।

कई जिलों में रेड जारी

फरार आरोपितों की अचल संपत्ति जब्त करने के लिए कोर्ट से आग्रह किया गया है। साथ ही आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए मधुबनी, दरभंगा, सीतामढ़ी, समस्तीपुर जिले में छापेमारी जारी है। महमदपुर, पौआम, गैबीपुर, भंडारी चौक पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस बल को तैनात किया गया है। असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखी जा रही है। ज्ञात हो कि 29 मार्च को तालाब में मछली मारने के विवाद में ताबड़तोड़ फाय¨रग हुई। इसमें पांच लोगों की मौत हो गई। एक का इलाज जारी है।