पटना (ब्यूरो)। सोमवार को बिना मौसम बारिश से रामगुलाम चौक, जिलाधिकारी आवास के सामने और करबिगहिया के पास जलजमाव हो गया। नगर निगम ने सुपर सकर मशीन लगाकर पानी निकलवाया। गांधी मैदान के अंदर जलजमाव नहीं होने से पटना नगर निगम ने राहत की सांस ली। गांधी मैदान में 22 मार्च से बिहार दिवस पर भव्य आयोजन होना है। अपर नगर आयुक्त शीला ईरानी ने जिलाधिकारी आवास के सामने जलजमाव वाले हिस्से का निरीक्षण किया। कार्यपालक पदाधिकारी प्रतिभा सिन्हा अपनी टीम के साथ मौजूद थीं। इस स्थल पर प्रतिवर्ष जलजमाव होता है। जलनिकासी की योजना अंतिम रूप नहीं ले सका। इस स्थल से स्थायी तौर पर जल निकासी के लिए मंथन जारी है। अंतिम निर्णय पर निगम नहीं पहुंच पाया है।

निकाला गया पानी

बारिश होते ही रामगुलाम चौक से होटल मौर्या के बीच जलजमाव हो गया। निगम की तत्परता के कारण जल्द से जल्द पानी की निकासी की गई। रामगुलाम चौक से बाकरगंज में नाला मिलाने की योजना है। इसके साथ अन्य स्थलों पर भी नाला मिलाने की बात चल रही है। अभी नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं हुआ है। निगम बारिश आने के पहले इस स्थान पर नाला का निर्माण करा सकता है। पटना जंक्शन के करबिगहिया छोर पर मुख्य सड़क जलमग्न हो गया। यहां भी सुपर सकर मशीन लगाई गई है। फ्लाइओवर का निर्माण कार्य चल रहा है। इस कारण नाला जाम है। नए नाले के निर्माण की जरूरत है। इस स्थान का पानी नहीं निकल पा रहा है। लोग पानी में आने-जाने को मजबूर रहे।

चैंबर खोल कराई गई निकासी

बारिश होने के बाद गलियों में जगह-जगह पर जलजमाव हो गया। निगम की टीम चैंबर खोलकर पानी की निकासी कराई। निगम अधिकारियों का कहना है कि मोहल्ले के नाली की सफाई चल रही है। इस बारिश से पानी बहाव में आ रही बाधाओं की जानकारी मिल गई। निगम टीम बारिश के बाद सक्रिय हो गई। सभी कार्यपालक पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र पर नजर रखे रहे हैं। राजेंद्र नगर, कंकड़बाग, एसके नगर सहित कई मोहल्ले में चैंबर हटाकर पानी की निकासी की गई।