PATNA : फुलवारीशरीफ के किसान कॉलोनी में रह रहे एमबीए के स्टूडेंट विक्की कुमार ने बुधवार रात फंदे से लटक खुदकुशी कर ली। वह मूल रूप से नालंदा जिले के रहुई प्रखंड के उत्तरनामा गांव का निवासी नरेश कुमार का बेटा था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि वह निजी कंपनी में काम करता था। लॉकडाउन की वजह से उसकी नौकरी छूट गई थी। इस वजह से वह डिप्रेशन में था। वह जॉब के साथ ही मीठापुर स्थित चंद्रगुप्त मौर्य प्रबंधन से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। थानेदार रफीकुर्रहमान ने बताया कि विक्की यहां अपने परिवार के साथ रहता था। फिलहाल उसके पिता नरेश कुमार गांव गए थे। उसकी मां प्राइवेट हॉस्पिटल में नर्स है। वह बुधवार की शाम नाइट ड्यूटी पर हॉस्पिटल थी। घर में विक्की कुमार और उसकी बहन थी।