- सीयूएसबी के प्रोफेसर ने किया असेसमेंट, मानसून हो जाएगा वीक

- पहली बार मानसून पर दो साइक्लोन का दिखेगा असर

PATNA :

मौसम विभाग की भविष्यवाणी सही साबित हो रही है। यह समय से आ रहा है और इसे लेकर 11 से 14 जून तक पटना समेत पूरे बिहार में बारिश होगी। अभी इसे लेकर बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन बन रहा है और यह आगे पश्चिम की ओर मूव कर रहा है। अगले चौबीस घंटे में पटना और आसपास बारिश होगी। बारिश का यह सिलसिला 14 जून तक रहने की संभावना है। सेंट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ बिहार के डिपार्टमेंट ऑफ एनवायरमेंटल साइंस के प्रोफेसर एवं वरीय मौसम वैज्ञानिक प्रधान पार्थसारथी ने बताया कि 14 जून तक बिहार, झारखंड और वेस्ट बंगाल में इसका असर दिखेगा। लेकिन यह आगे जारी रहने की संभावना नहीं है। कुछ दिनों के लिए फिर से ड्राई हो जाएगा।

दो चक्रवात का असर

आखिर मानसून आने के बाद भी बहुत प्रभावकारी नहीं होगा, क्यों? इस बारे में प्रो। प्रधान पार्थ सारथी ने बताया कि यह पहला मौका है जब मानसून के आने से पहले इसके पश्चिमी छोर यानि अरब सागर में ताऊ ते और पूर्वी छोर यानि बंगाल की खाड़ी में यास साइक्लोन का भीषण असर दिखा। इस दोनों चक्रवात की वजह से इसकी संभावना बनती है कि हवा में बारिश के लिए पर्याप्त नमी नहीं होगी। हवा में बिना पर्याप्त नमी के बारिश नहीं होगी। इस वजह से मानसून एक सिलसिलेवार तरीके से असर नहीं दिखा पाएगा।

तेज हवा के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग ने तात्कालिक चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि पटना और आसपास मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से हवाएं चलेगी। इस दौरान वज्रपात और बिजली गिरने की भी संभावना है। मौसम विभाग, पटना केन्द्र के अनुसार, अगले 24 घंटे में पश्चिमोत्तर बंगाल के उपर लो प्रेशर बन रहा है। यह आगे पश्चिम और उत्तर पश्चिम दिशा की ओर बढे़गा। बिहार में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगमन की अनुकूल परिस्थिति बनी हुई है।

उमस से लोग रहे परेशान

बीते दो दिनों से पटना में उमस भरी गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। इन दो दिनों में पटना और आसपास अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रही। हालांकि अगले 24 घंटे में बारिश के बाद अधिकतम तापमान में कुछ कमी आने की संभावना है। इस दौरान पावर कट की समस्या से इसका ज्यादा असर महसूस किया गया।