पटना (ब्यूरो)। मंगलवार शाम आकाश में पंचग्रहों की पंचायत होगी। आकाश में होने जा रही ग्रहों के मिलाप पंचायत की जानकारी देते हुए विज्ञान प्रसारक सारिका घारू ने बताया कि सूर्य के डूबने के तत्काल बाद आकाश में बुध, गुरु, शुक्र और मंगल के अलावा यूरेनस लगभग 50 डिग्री के छोटे से स्थान में मिलन समारोह कर रहे हैं। इनका साथ देने के लिए चंद्रमा भी मंगल के साथ होगा। इन पांच में से चार ग्रहों को बिना टेलिस्कोप के देखा जा सकेगा।

खगोल विज्ञान में इसे प्लेनेटरी अलाईनमेंट कहते हैं

सारिका ने बताया कि खगोल विज्ञान में इसे प्लेनेटरी अलाईनमेंट कहते हैं। इनमें से बुध (मरकरी) को कुछ ही देर देखा जा सकेगा क्योंकि यह सूर्य के बहुत पास है। इसके बाद बृहस्पति (जुपिटर) भी अस्त हो जाएगा। इनके उपर तेज चमकता शुक्र (वीनस) होगा। इसके कुछ उपर लालग्रह मंगल (मार्स )होगा जिसका साथ चंद्रमा देगा। इन ग्रहों को तो बिना किसी यंत्र की मदद से सिर्फ खाली आंख से लोग देखेंगे। मंगल और शुक्र ग्रह के बीच यूरेनस होगा लेकिन इसे सिर्फ टेलिस्कोप की मदद से देखा सकेंगे।

हर दो साल पर होती है प्लेनेटरी अलाईनमेंट की घटना

वैज्ञानिकों ने बताया कि प्लेनेटरी अलाईनमेंट की यह घटना लगभग हर दो साल में होती है लेकिन इनमें ग्रहों के बीच कोणीय दूरी अधिक होती है.सोशल मीडिया पर इसे बढ़ा-चढ़ा कर प्रस्तुत किया जाता है.अगर आप बहुत ही नजदीक से ग्रहों का मिलाप देखना चाहते हैं तो 8 सितम्बर 2040 का इंतजार करना होगा जबकि मंगल, बुध, गुरू, शुक्र और शनि सिर्फ 9 डिग्री के आकाशीय स्थान में घुलेमिले नजऱ आएंगे।