-आज शाम छठ व्रती देंगे

डूबते हुए सूर्य को अ‌र्घ्य

PATNA: छठ पर्व के लिए राजधानी के घाट सज कर तैयार हो गए हैं। देश-विदेश से लोग पटना में छठ मनाने आए हैं। छठव्रतियों को लेकर प्रशासन ने अपनी पूरी तैयारी कर ली है। निगम द्वारा पानी के अंदर बैरिकेडिंग की गई है। इसके साथ ही बैरिकेडिंग में जाली लगाने के साथ-साथ रंगीन पताका भी लगाया गया है। जितने भी गहराई वाले घाट हैं वहां पर एनडीआरएफ के जवान तैनात रहेंगे। सभी बांस को सफेद रंग से पेंट किया गया है। घाटों की सुंदरता दूर से ही दिख रही है।

तैनात होंगे 450 जवान

डीएम कुमार रवि ने बताया कि 450 बलों के साथ 75 एनडीआरएफ लगाया गया है। एनडीआरएफ के 04 रिवर एम्बुलेंस वोट कार्यरत रहेगा, जिसमें चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ जीवन रक्षक दवाओं के साथ प्रतिनियुक्त रहेंगे। डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों जैसे पुनपुन, दुल्हिन बाजार, बाढ़ एवं उल्लाड़ में पर्याप्त संख्या में एसडीआरएफ की टीम कार्यरत रहेगी।

घाट से लेकर घर तक रोशनी से सराबोर

छठ को लेकर घाट से लेकर सड़क सभी रोशनी से सराबोर हैं। रंगीन और दुधिया रोशनी से जगमग करतीं सड़कों और घाटों की भव्यता देखते बन रही है। विभिन्न पूजा समितियों की ओर से बेहतर पंडाल बनाए गए हैं। वही घाट से लेकर सड़कों तक गूंज रहे छठी मइया के गीत शहर को छठमय बना रहे हैं।

घाटों पर मेले जैसा माहौल

कल से पटना के गंगातट पर बिल्कुल मेले-सा नजारा देखने को मिल रहा है। रातभर लोगों के गंगातट पर रुकने की व्यवस्था की गई है। दूर-दूर से लोग यहां छठ की पूजा करने आए हैं। छठ के गीतों से गंगा तट पर बने छठ के घाट गुंजायमान हैं। पूरा शहर छठमय नजर आ रहा है।

पटनाइट्स रहें सावधान डेंजर घाट पर नहीं जाएं

पटना में कुल 91 घाट है। इन घाटों को 21 सेक्टर में बांटा गया है। पटना सदर में 36, पटना सिटी में 60 एवं दानापुर में 05 छठ घाट है। सभी घाटों पर सुरक्षा को पुख्ता इंतजाम किया गया है। जिला प्रशासन द्वारा 22 घाट चिहिंत किए गए हैं। इन घाटों पर लाल कपड़ा बांधा जाएगा। यहां पर सुरक्षा के जवान भी तैनात होंगे।

20 क्रेन की होगी व्यवस्था

डीएम ने कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण, पटना प्रमंडल को निर्देश दिया कि कलेक्ट्रेट घाट पर प्रशासनिक सुविधा के लिए 50 गाडि़यों का पार्किंग स्थल बनाया जाए। इसके साथ ही छठ घाटों पर जाते समय गाड़ी को फंसने पर उसे निकालने के लिए कम से कम 20 क्रेन की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।

सभी छठ तैयार हो गए हैं। सभी लोग मिल जुलकर छठ पर्व मनाए। कहीं पर कोई समस्या हो तो लोग जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम में फोन कर शिकायत करें।

-कुमार रवि, डीएम पटना

ट्रैफिक व्यवस्था के लिए जवानों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही शहर के असमाजिक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। सभी लोग मिल जुल कर त्योहार मनाएं।

-गरिमा मलिक, एसएसपी पटना