पटना (ब्यूरो)। नया साल आने वाला है। आप सभी अपने अपने घरों में नई कैलेंडर लगाने की सोच रहे होंगे। पर ध्यान रखें कि सही स्थान पर कैलेंडर लगाने से अन्न-धन की वर्षा होती है। गलत स्थान पर टंगा कैलेंडर वास्तु दोष उत्पन्न करता है।
नया कैलेंडर कहा टांगे और पुराने कैलेंडर का क्या करें, इस बारे में ज्योतिष व वास्तु शास्त्री मोहन जी ने विस्तार से बताया। वास्तु शास्त्र के अनुसार कैलेंडर को सही दिशा में लगाने से ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है। गलत स्थान पर रहने से व्यक्ति जीवन में ठोकर खाता है। घर में पुराने कैलेंडर रखने से वास्तु दोष होता है। लोगों की तरक्की रुक जाती है और सेहत पर भी प्रभाव पड़ता है। अगर कैलेंडर फट जाएं तो उसे बदल लें।

बना रहेगा जीवन में प्रवाह
कैलेंडर घर की पश्चिम दिशा में लगाना शुभ होता है। इससे जीवन में प्रवाह बना रहता है। यदि आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है तो घर या दफ्तर में नए साल का कैलेंडर उत्तर दिशा में लगाएं। उत्तर दिशा में कैलेंडर के साथ प्रकृति झरना या बहती नदी का फोटो लगाना कल्याणकारी होता है। पूर्व दिशा में कैलेंडर लगाने पर घर में सकारात्मक उर्जा और खुशी का माहौल बना रहता है। इस दिशा में लाल रंग का कैलेंउर लगाना फलदायी होता है। घर में सुनहरे रंग का कैलेंडर से समृद्धि आती है। ऐसे कैलेंडरों न लगाएं जिनपर नकारात्मक चित्र बने हों। देवी-देवता के चित्रवाले कैलेंडर शुभ होते हैं।

दक्षिण दिशा में भूलकर भी न लगाएं
घर या दफ्तर में नए साल का कैलेंडर दक्षिण दिशा की ओर भूलकर न लगाएं। यह तरक्की के रास्ते में अड़चन पैदा करता है। घर के लोगों की सेहत पर भी बुरा प्रभाव पड़ता है। घर के दरवाजे के पीछे कभी भी कैलेंडर नहीं लगाना चाहिए। इससे जातक की तरक्की रूक जाती है। घर में नए साल का कैलेंडर लगाने के बाद पुराने साल का कैलेंडर बहते हुए जल में प्रवाहित कर दें।