पटना (ब्यूरो)। बिहार में आज महागठबंधन सरकार टूट गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यपाल को इस्तीफा सौंप दिया है। नीतीश कुमार ने कहा कि महागठबंधन के साथ रहना अब मुश्किल हो गया था। वहीं पीएम मोदी ने भी नीतीश कुमार को फोन करके बधाई दी है। राजभवन से निकलने के बाद उन्होंने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि हम अलग हो गए हैं। चारों तरफ से राय मिल रही थी। पहले का गठबंधन छोड़कर नए गठबंधन बनाए थे। वहां स्थिति ठीक नहीं लगा, जिस तरह से दावा किया जा रहा था ठीक नहीं लग रहा था। पहले जो पार्टियां थीं वो तय करेंगी तो आगे का फैसला होगा। नए गठबंधन में काफी काम कर रहे थे, लेकिन कुछ नहीं हो रहा था इससे तकलीफ हो रही थी।
नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद आरजेडी भी लगातार बैठक बुला रही है। सूत्रों के हवाले से यह भी खबर आ रही है कि आरजेडी सरकार बचाने के लिए जीतन राम मांझी को बड़ा ऑफर दे सकती है। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर जानकारी का आना बाकी है। वहीं इससे पहले कल तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर चुप्पी तोड़ी थी। उन्होंने कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की हमलोग इज्जत करते हैं और आगे भी इज्जत करते रहेंगे।