-बिहार में शीतलहर का कहर, गया रहा सबसे ठंडा शहर

-पूरा बिहार शीतलहर की चपेट में शुक्रवार को दिनभर धूप नहीं निकली

क्कन्ञ्जहृन्: उत्तर के राज्यों कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व अन्य राज्यों से बर्फीली हवा सरकती हुई उत्तर प्रदेश और फिर बिहार में शीतलहर का जबरदस्त असर दिखा रही है। पूरा बिहार शीतलहर की चपेट में है। ठिठुरन बढ़ गई है। शुक्रवार को दिनभर धूप नहीं निकली। मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

टूट सकता है 2 साल का रिकार्ड

शुक्रवार को पटना का न्यूनतम तापमान भी पिछले दो वर्षो के रिकॉर्ड के करीब 4.7 पहुंच गया। राजधानी के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई। राजधानी का अधिकतम तापमान 16.4 से घटकर 12.9 डिग्री सेल्सियस पर चला आया। वहीं न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 8.3 से गिरकर 4.7 डिग्री सेल्सियस हो गया। इससे पूर्व 2015 में राजधानी का तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। राजधानी और पूर्णिया में 100 फीसद नमी रिकॉर्ड की गई। भागलपुर में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

घने कोहरे का कहर

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक तापमान में भारी गिरावट के साथ-साथ घना कोहरा का कहर भी बढ़ेगा। इसके मुताबिक शुक्रवार की तरह शनिवार को भी घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके कारण जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हो रही है। ट्रेन और फ्लाइट का परिचालन बुरी तरह से प्रभावित हो रहा है। अत्यधिक ठंड बढ़ने से लोग घरों में दुबके हुए हैं।

गया सबसे ठंडा

प्रदेश भर में रिकॉर्ड किए गए तापमान में सबसे ठंडा जिला गया रहा। यहां तापमान 3.8 डिग्री तक गिरा। यहां न्यूनतम तापमान पिछले पांच वर्षो में सबसे नीचे आया है। वहीं, पूर्णिया, फारबिसगंज और गया में कोल्ड डे रहा। पटना और आसपास के जिलों बक्सर, गोपालगंज, छपरा, वैशाली, सिवान आदि में शीतलहरी के कारण तापमान गिरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। हाजीपुर में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया। छपरा जिले में शीतलहर के कारण कंपकपी काफी बढ़ गई है। बिहारशरीफ में तापमान अधिकतम 17 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा।