- होलिका दहन के बाद राजधानी की कई सड़कें हुई खराब

- उच्च तापमान से सड़क से उड़ा अलकतरा

PATNA : जरा इन तस्वीरों पर गौर करिए। ये तस्वीरें उन सड़कों की हैं जो हाल ही में नई बनाई गई थीं। लेकिन होलिका दहन के बाद इनसे गिट्टी बाहर आ गई और छोटे-छोटे गढ्डे भी हो गए। कई जगहों पर तो सड़क ही उखड़ गई है। दरअसल होली के एक दिन पहले होलिका जलाने की परंपरा राजधानी की सड़कों पर भारी पड़ी है। होलिका जलाने से पहले उपाय नहीं करने के कारण राजधानी की कई मुख्य सड़कों पर छोटे-छोटे गढ्डे हो गए हैं। होलिका जलाने से पहले सड़क पर ईंट की एक परत बिछाने से ये समस्या नहीं आती। इससे होलिका जलने के दौरान निकलने वाली हीट से सड़क काफी हद तक बच सकती है। लेकिन इसके प्रति जागरुकता की कमी और लापरवाही से फ्रेजर रोड, एग्जीबिशन रोड और अशोक नगर समेत कई जगहों की सड़कें बुरी तरह खराब हो गईं।

सड़क किनारे नहीं बची कोई जगह

दरअसल पहले होलिका जलाने के लिए लोग सड़क किनारे मिट्टी का उपयोग करते थे। इससे सड़क खराब नहीं होती थी। लेकिन अब ऐसी जगह राजधानी में कम ही बची है। ज्यादातर जगहों पर कंक्रीट का कोई निर्माण हो गया है या फिर अतिक्रमण के कारण वो जगह उपलब्ध नहीं है। लिहाजा लोग सड़कें के बीचो-बीच ही होलिका जलाते हैं।

तो बच सकती थी सड़क

होलिका दहन से पहले उस जगह को ईट की एक परत से ढंक देने से सड़क का वो हिस्सा खराब होने से बच जाता।

अशोक नगर के तिराहे पर होलिका जलाने के बाद सड़क एकदम खराब हो गई है। हर चौक-चौराहे पर होलिका जलाने से अच्छा है कुछ मोहल्ले के लोग मिलकर एक ही जगह पर मिट्टी वाली जगह पर होलिका जलाएं। इससे आपसी प्रेम भी बढ़ेगा और सड़क भी बच जाएगी।

- कुन्दन सिन्हा, अशोक नगर, पटना

सड़क पर अगर जलाना ही है तो उसे पहले कवर कर देना चाहिए। इसके लिए लोगों में थोड़ी जागरुकता फैलानी होगी। इसे स्थानीय स्तर पर ही किया जा सकता है। मैं तो अगले साल से इस बारे में लोगों को जागरुक करुंगा ताकि सड़क तो खराब नहीं हो।

- विवेक कुमार, व्यवसायी, कंकड़बाग, पटना