पटना ब्यूरो। तीन बार की चैंपियन पटना पाइरेट्स ने शनिवार को यू मंबा को हराते हुए प्रो कबड्डी लीग के दसवें सीजन की अंक तालिका में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। सात मैचों से अजेय चल रही पटना ने यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में बिखरी हुई दिख रही यू मुंबा को 44-23 के अंतर से हराया।

पटना की यह 20 मैचों में 10वीं जीत है। उसके खाते में अब 63 अंक हो गए हैं। पटना के लिए सचिन तंवर ने सबसे अधिक 10 अंक लिए जबकि एम सुधाकर ने 8 अंक के साथ रेड में प्रभावित किया जबकि कृष्ण ढुल ने हाई-5 लगाया। यु मुंबा के लिए ए। जफरदानेश ने सबसे अधिक 12 अंक लिया लेकिन वह अपनी टीम को 11वीं हार से नहीं बचा सके।

पटना ने पहले ही चार मिनट में 4-1 की लीड के साथ अच्छी शुरुआत की लेकिन छठे मिनट में डू ओर डाई रेड पर मुंबा के लिए विश्वंथ ने एक अंक लिया। इसके बाद सचिन ने एक और अंक लेकर स्कोर 5-2 कर दिया लेकिन जफर ने दो अंक की रेड के साथ 4-5 के साथ मुंबा की वापसी सुनिश्चित की।

हर रेड के साथ बेहतर हो रहे सुधाकर ने हालांकि दो अंक की रेड के साथ पटना को फिर 7-4 से आगे कर दिया। मुंबा के लिए जफर लगातार अंक ले रहे थे। उनकी बदौलत मुंबा ने स्कोर 6-8 कर दिया था लेकिन टाइमआउट से ठीक पहले वह लपक लिए गए। पटना 3 अंक से आगे थे।

मुंबा के कप्तान सुरेंदर खुद को लगातार बचा रहे थे लेकिन सचिन ने डू ओर डाई रेड पर उनका शिकार कर मुंबा को सुपर टैकल की स्थिति में ला दिया। मुंबा इसका लाभ नहीं ले सकी और उसे पहली पहली बार आलआउट कर पटना ने 15-8 की लीड ले ली। आलइन के बाद पटना को 1 के मुकाबले तीन अंक लेकर 18-9 की लीड ले ली।

18वें मिनट में गोकुल ने सचिन को पहली बार आउट किया लेकिन इससे उसकी मुश्किलें कम नहीं हुईं और पटना 19-10 के स्कोर के साथ ब्रेक पर गई। हाफटाइम के बाद कृष्ण ढुल ने लगातार दो टैकल के साथ लगातार दूसरा हाई-5 पूरा किया। अगले 10 मिनट में मुंबा ने बेहतर खेल दिखाते हुए सात अंक हासिल किए।

पटना ने भी इस दौरान हालांकि बराबरी के अंक लेते हुए 9 अंकों का फासला बरकरार रखा। हालांकि डिफेंस की बदौलत मुंबा ने अपना आलआउट टाल दिया था। सुधाकर ने हालांकि दो अंक की रेड के साथ मुंबा को फिर आलआउट की ओर धकेल दिया। पटना 12 अंक से आगे थे और फिर आलआउट को अंजाम दे पटना ने 33-17 की लीड ले ली।

आलइन के बाद जफर ने लगातार चार अंकों के साथ अपना सुपर-10 पूरा किया लेकिन वह अपनी टीम को जीत तक ले जाते नहीं दिख रहे थे क्योंकि अब सवा तीन मिनट बचे थे और फासला 12 अंक का था। पटना ने अपना दमखम जारी रखते हुए मुंबा को अंतिम मिनट में तीसरी बार आलआउट कर अपनी जीत सुनिश्चित कर ली।