-लॉकडाउन को सफल बनाने में जुटे हैं बिना मास्क पहने पुलिसकर्मी

- विभाग की ओर से पुलिसकर्मियों को केवल सावधानी बरतने का मिला है आदेश

Patna@inext.co.in

PATNA : कोरोना वायरस से बचाव को लेकर हुए लॉकडाउन को सफल बनाने में पुलिसकर्मी खुद की जान खतरे में डाल रहे हैं। दर्जनों पुलिसकर्मी ऐसे हैं, जो न तो मास्क पहने हैं और न ही उनके पास सैनिटाइजर की कोई व्यवस्था है। जिन पुलिसकर्मियों के पास मास्क या सैनिटाइजर है वह उसकी खुद की व्यवस्था है। पुलिसकर्मियों का कहना है कि विभाग की ओर से कोरोना से बचाव के लिए न तो मास्क मिले हैं और न ही सैनिटाइजर।

बेकार घूमने वालों को भेज रहे घर

बिहार में सोमवार से लॉकडाउन है। लोग अनावश्यक घरों से न निकलें, इसके लिए पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात है। जो लोग सड़कों पर घूम रहे हैं, पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। आखिर क्यों घूम रहे हैं। कोई ठोस वजह न बताने पर उन्हें वापस घर लौट जाने की सलाह दे रहे हैं। इस दौरान पुलिस और पब्लिक के बीच नोकझोक भी हो रही है। बावजूद पुलिसकर्मी मैदान में डटे हैं। उदेश्य सिर्फ लोगों को कोरोना से बचाने का है। लेकिन पुलिसकर्मी खुद की चिंता नहीं कर रहे हैं जबकि वे लगातार पब्लिक के टच में रहते हैं। ऐसे में पुलिस को भी सुरक्षित होना आवश्यक है। मास्क से लेकर सैनिटाइजर की व्यवस्था भी उनके पास होनी चाहिए।

साइकिल वाले से मास्क खरीदते दिखे

इंडस्ट्रियल एरिया में दो पुलिसकर्मी एक साइकिल वाले को मास्क खरीदने के लिए रोका। उसके पास जो मास्क थे, उनकी कीमत पूछी। मास्क को पुलिसकर्मियों ने हाथ में लेकर देखा भी। लास्ट में मास्क खरीदने से मना करते हुए खिसक लिए।