PATNA: रेल मंत्रालय की ओर से प्राइवेट ट्रेनें चलाने की घोषणा की गई है। पूर्व-मध्य रेल क्षेत्र से 8 रूट पर प्राइवेट ट्रेन चलाने का प्रस्ताव है। इन 8 रूट पर चलने वाली ट्रेनों की समय सारणी जारी कर दी गई है। इन रूटों पर चलने वाली ट्रेनों के लिए प्राइवेट क्षेत्र की कंपनियों को बिड के लिए आमंत्रित किया गया है। रेलवे के सारे चयनित रूट काफी आमदनी व भीड़भाड़ वाले हैं। सभी चयनित रूट पर चलने वाली निजी क्षेत्रों की ट्रेनें लक्जरी व आधुनिक होंगी। इनकी गति अधिकतम 160 किमी प्रति घंटे की होगी। दिल्ली से पटना की दूरी 11 घंटे में तय होगी। हालांकि यह समय बाद में और भी कम किया जा सकता है।

रात 10 बजे दिल्ली की ट्रेन

जानकारी के मुताबिक पूर्व-मध्य रेल क्षेत्र के दिल्ली-पटना- दिल्ली रूट पर चलने वाली ट्रेन नई दिल्ली से दोपहर 12.30 बजे खुलेगी और 11 घंटे में रात 11.30 बजे पटना पहुंचेगी। पटना से रात में 10 बजे दिल्ली के लिए खुलेगी और दूसरे दिन 10 बजे दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन रोजाना चलेगी।