BIHARSHARIFF/PATNA: अखबारों में विज्ञापन देकर बिहार की 'मुख्यमंत्री कैंडिडेट' के रूप में स्वयं को लांच करने वाली पुष्पम प्रिया चौधरी ने शनिवार को अपने राजनीतिक दल प्लूरल्स के लिए नालंदा में विधिवत सदस्यता अभियान आरंभ किया। उन्होंने कतरीसराय प्रखंड स्थित दरवेशपुरा गांव के रहने वाले प्रगतिशील किसान सुमंत कुमार को अपने दल का सदस्य बनाया। सुमंत धान के रिकॉर्ड उत्पादन के लिए चर्चा में आए थे और बिहार सरकार ने उन्हें सम्मानित भी किया था।

3 घंटे तक रही दरवेशपुरा में

सुमंत ने बताया कि पुष्पम छह माह पहले भी उनके गांव दरवेशपुरा आई थीं। उस वक्त यहां की खेती-किसानी, स्कूल और चिकित्सा केंद्रों की व्यवस्था को देखा था। शनिवार को पुष्पम करीब तीन घंटे तक दरवेशपुरा में रहीं। लगातार बारिश होती रही, इस बीच उन्होंने सुमंत से बातचीत की और सदस्यता फॉर्म भरवाया। उनके साथ पांच गाडि़यों से 16 लोगों की टीम थी। उन्होंने राजनीतिक अभियान की शुरुआत बेहद गोपनीय तरीके से की।