- अतिक्रमित है न्यू रेलवे कालोनी, आसपास लगा रहता असामाजिक तत्वों का जमावड़ा

- ऑफिसर्स की मिली भगत से है कॉलोनी में अतिक्रमण

PATNA : पिछले हप्ते ही न्यू रेलवे कॉलोनी में चोरी की बात सामने आई थी। इसके बाद एक संदिग्ध चोर की हत्या भी कर दी गयी थी। इस मामले में एक आरपीएफ का जवान संस्पेंड भी हुआ, लेकिन सवाल ये है कि रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा राम भरोसे क्यों है? रेलवे कॉलोनी के आसपास असामाजिक तत्वों का हमेशा जमावड़ा लगा रहता है। कॉलोनी में कई अवैध खटाल, डेकोरेशन के दुकान आदि चलते हैं।

यहां कैसे बन गया खटाल?

आई नेक्स्ट ने इससे पहले भी न्यूज पब्लिश्ड किया था कि रेलवे कॉलोनी में खटाल बनाया गया है। खटाल के कारण कॉलोनी में आसपास के असमाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। इस कारण से कॉलोनी के लोग परेशान रहते हैं। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि विवशता है कि हमलोग इसकी शिकायत भी किसी से नहीं कर सकते हैं। ऐसा नहीं है कि इस बात की जानकारी रेलवे अधिकारियों को नहीं है। स्थिति तो ऐसी है कि कई अधिकारी अपने संरक्षण में ही इस खटाल को चलाते हैं। इस कॉलोनी में दानापुर मंडल के कई अधिकारी रहते हैं बावजूद यहां की हालत खस्ताहाल है।

नई बिल्डिंग में खोल दिया खटाल

न्यू रेलवे कॉलोनी में एक नया आवासीय परिसर बनाया गया है। इस परिसर में माीठापुर कॉलोनी के लोगों को शिफ्ट कराया गया है। इसके बगल में ही एक और अपार्टमेंट बन भी रहा है, लेकिन दुखद ये है कि इस नए बने अपार्टमेंट में जानवर पाले जाने लगे हैं। अपार्टमेंट के बेसमेंट में गायें बांधी जाती हैं। साथ ही इसके बाहर ही लोगों ने टेम्पररी रूप से एक बाथरुम भी बनवा लिया है। मीठापुर कॉलोनी से न्यू रेलवे कॉलोनी में शिफ्ट हुए कर्मी कहते हैं कि हमलोग तो जानते भी नहीं हैं कि ये कौन हैं, कहां के हैं, लेकिन ये लोग हमसे पहले यहां कॉलोनी में खटाल चला रहे हैं सो कुछ कह भी नहीं सकते। कॅालोनी के लोगों ने बताया कि जब भी इंस्पेक्शन की बात आती है तो ये सारे गैरकानूनी काम बंद हो जाते हैं, लेकिन कुछ ही दिन बाद वापस ये लोग पटरी पर लौट आते हैं।

अतिक्रमण भी है कॉलोनी में

कॉलोनी में बीस से ज्यादा मकान गैर कानूनी रूप से बना दिए गए हैं। जो व्यक्ति रिटायर किए या फिर ड्यूटी पीरियड में ही जिनका देहांत हो गया है। उनके परिजन कॉलोनी में टेंपरोरी रूप से मकान बना कर रहे हैं। पिछले दिनों हुई चोरी की घटना भी अनाधिकृत रूप से बने मकान में ही हुई थी। कॉलोनी के ही लोगों ने कहा कि जो रिटायर होते हैं वो यहां से जाने का नाम ही नहीं लेते हैं। या तो क्वार्टर नहीं छोड़ते हैं या फिर बगल के खाली जगह में ही दीवाल खड़ी का करकट चढा देते हैं।

कालोनी में खटाल चलाना पूरी तरह से गैरकानूनी है। मुझे इस बात की जानकारी नहीं है। मैं जांच करवाता हूं अगर ऐसा मामला है तो कार्रवाई होगी।

एनके गुप्ता, डीआरएम, दानापुर मंडल