-बिस्फी थाना के रघौली से गिरफ्तारी, आश्रयदाता भी अरेस्ट

MADHUBANI: आखिरकार महमदपुर में रावण के नाम से चर्चित प्रवीण पकड़ा गया। मधुबनी के बेनीपट्टी थाना के महमदपुर में 29 मार्च को हुई गोलीबारी में पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवीण झा उर्फ रावण समेत 5 अन्य को अरेस्ट किया गया। इसमें एक आश्रय देने वाला भी है। एसपी डॉ। सत्यप्रकाश ने बताया कि मुख्य आरोपी प्रवीण झा के अलावा चंदन झा, भोला सिंह, मुकेश साफी व कमलेश सिंह को बिस्फी थाना के रघौली मरवा स्थित प्रह्लाद के अ‌र्द्धनिर्मित घर से अरेस्ट किया गया। आश्रयदाता प्रह्लाद भी पकड़े गए।

दस की पहले हो चुकी अरेस्टिंग

एसपी ने बताया कि मामले में घनश्याम झा, सुनैना देवी, राजेश कुमार झा, ऋषिकेश कुमार झा उर्फ राजा, अभिषेक कुमार झा, निखिल कुमार झा, शोभाकांत मेहता, देवेंद्र नाथ ठाकुर उर्फ राजीव ठाकुर, प्रशांत झा और सोनू चौधरी की पहले ही गिरफ्तारी हो चुकी थी।

हुई थी कुर्की जब्ती

मुख्य अभियुक्त प्रवीण झा के अलावा नवीन झा, मुकेश साफी, चंदन झा, अंकित उर्फ अमरनाथ झा, विनीत झा, भोला सिंह, मुन्ना सिंह, कौशिक सिंह उर्फ संतोष सिंह एवं शिवेश्वर भारती उर्फ फूलबाबू के विरुद्ध कुर्की जब्ती की गई है। जबकि, मनोज झा, अमरजीत झा, विश्वजीत झा, अनंत चौधरी, भवनारायण झा, पवन सिंह, झुन्ना सिंह, कमलेश आदि के विरुद्ध कुर्की वारंट के लिए अर्जी दी गई थी।

दो साल पहले चर्चा में आया था प्रवीण झा

प्रवीण झा दो साल पहले 'रावण' नामक संगठन बना चर्चा में आया था। उस पर अब तक गैबीपुर में मछली व तालाब विवाद, सड़क जाम और आ‌र्म्स एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज हैं। बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के गैबीपुर निवासी प्रवीण के पिता घनश्याम झा सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं। प्रवीण की शादी गांव में ही पांच साल पूर्व हुई थी। उसे एक चार साल का लड़का व तीन साल की लड़की है। उसने स्नातक तक की पढ़ाई की है। प्रवीण दो भाई हैं। छोटा भाई नवीन झा भी महमदपुर सामूहिक हत्याकांड में नामजद आरोपित है। उसके माता-पिता भी इसी हत्याकांड में जेल में बंद हैं। प्रवीण झा दो साल पहले चर्चा में तब आया, जब उसने 'रावण' नामक संगठन बनाया। अपनी फेसबुक आइडी पर नाम के साथ उसने रावण जोड़ा। इसके बाद उसके संगठन से युवा जुड़ने लगे।