पटना (ब्यूरो)। पटना और आसपास बीते महज 24 घंटे में पारा सात डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया। शनिवार को शहर का न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था जो कि रविवार को गिरकर 7.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। यहां पछुआ हवा का असर तेज हो गया है और इस वजह से न्यूनतम तापमान में कम से कम एक हफ्ते तक तीन से चार डिग्री और गिरने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, कोहरे का व्यापक असर नहीं दिख रहा है। यहां अब कोल्ड वेव का असर दिखना शुरू हो गया है। प्राय: तापमान 7 डिग्री से नीचे जाने पर कोल्ड वेव की शुरूआत मानी जाती है। जैसे -जैसे पछुआ हवा की गति में तेजी आएगी, वैसे-वैसे तापमान और घटने की संभावना है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, बिहार में न्यूनतम तापमान औसतन 8 से 10 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में इसमें और कमी दर्ज होगी।

फ्लाइट कैंसिल नहीं
इस बार ठंड इसलिए भी खास है, क्योंकि कोहरे से होने वाला असर मौसम में व्यापक रूप से नहीं दिख रहा है। यही वजह है कि विंटर सीजन में अब तक एक भी फ्लाइट कैंसिल नहीं हुई है। हां, कुछ फ्लाइट रिशेड्युल और डीले जरूर हुई हैं। रविवार को पटना एयरपोर्ट पर विभिन्न रूट से आने वाली कुछ फ्लाइट तय समय से कुछ डीले रहीं। इसमें एयर इंडिया की एआई 409 45 मिनट, बेंगलुरु से आने वाली जी -8 274 एक घंटा, लखनऊ से आने वाली 6 ई 6277 एक घंटा 35 मिनट और बेंगलुरु से आने वाली एसजी 768 एक घंटा 45 मिनट देर से पहुंची।


हार्ट के पेशेंट रहें अलर्ट
पारा गिरने के साथ ही हार्ट के पेशेंट की समस्या बढ़ गई है। आईजीआईएमएस, इंदिरा गांधी ह्दय रोग संस्थान और पीएमसीएच में इसके पेशेंट की संख्या ओपीडी में अचानक से बढ़ गई। इसमें बुजुर्ग और हार्ट की बीमारियों के साथ अन्य बीमारियों से पीडि़त पेशेंट मुख्य रूप से शामिल हैं। आईजीआईएमएस के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड डॉ। बीपी सिंह ने बताया कि हार्ट अटैक, लकवा, बीपी बढऩे आदि के मामले इन दिनों ज्यादातर मिल रहे हैं।

दवा एडजस्ट करा लें
हार्ट के पेशेंट के लिए यह समय अलर्ट रहने का है। खासतौर पर जिनकी दवा चल रही है। जिन्हें कोई समस्या महसूस नहीं हो रही, वे भी सतर्क रहें। डॉ। बीपी सिंह ने बताया कि यह बीपी में उतार-चढ़ाव का समय है। इसलिए डॉक्टर से संपर्क कर दवा जरूर एडजस्ट करा लेना चाहिए।

इस बार ठंड देर से पड़ी है और आने वाले दिनों में और ठिठुरन पैदा करेगा। हालांकि, आने वाले दिनों में भी कोहरे का व्यापक असर रहने की संभावना नहीं है। यह राहत की बात है। पछुआ हवाओं के असर से ठंढ और बढ़ेगा।
- डॉ। प्रधान पार्थ सारथी, वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक

हार्ट की बीमारियों से ग्रसित लोगों के लिए बेहद अलर्ट रहने का समय है। इसके साथ ही जिन्हें इंफेक्शन है, उन्हें हफनी की समस्या हो सकती है। बीपी जरूर चेक कराते रहें। ठंड में सुबह में न टहलें।
- डॉ। बीपी सिंह, एचओडी, आईजीआईएमएस

इस समय सांस की बीमारी के मामले बढ़ जाते हैं। इसके अलावा जिनकी इम्यूनिटी कमजोर है, उन्हें भी अलर्ट रहना चाहिए। खासतौर पर दवा चल रही हो तो डॉक्टर के संपर्क में रहते हुए ही दवा बंद करें।
- डॉ। पंकज हंस, सीनियर नेफ्रोलॉजिस्ट

राजधानी का तापमान
तारीख - न्यूनतम - अधिकतम
19 दिसंबर - 7.6 - 21.0
18 दिसंबर - 14.2 - 23.8
17 दिसंबर - 9.0 - 25.4
16 दिसंबर - 9.0 - 26.0
15 दिसंबर - 9.0 - 23.8