पटना (ब्यूरो)। बेटिकट यात्रियों से जुर्माना वसूली में समस्तीपुर रेलमंडल पूर्व मध्य रेलवे जोन में शीर्ष पर है। एक से 15 दिसंबर तक टिकट जांच पखवारे में 52 हजार 568 यात्री बिना टिकट पकड़े गए थे। इनसे जुर्माने के रूप में तीन करोड़ 62 लाख 31 हजार 401 रुपये प्राप्त हुए। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के निर्देश पर समस्तीपुर, दरभंगा, सहरसा, रक्सौल, नरकटियागंज, बापूधाम मोतिहारी, जयनगर एवं सीतामढ़ी स्टेशनों पर टिकट जांच अभियान चलाया गया था। सुबह छह से रात 10 बजे तक जांच में 300 से अधिक चेङ्क्षकग व सुरक्षा कर्मी तैनात रहे।
पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर, पं। दीनदयाल उपाध्याय, धनबाद, सोनपुर रेलमंडलों में भी टिकट जांच पखवारा चलाया गया था। इनमें दूसरे नंबर पर दानापुर मंडल रहा। यहां 61 हजार यात्रियों से तीन करोड़ 40 लाख वसूले गए। सोनपुर मंडल में 43 हजार बेटिकट यात्री पकड़े गए और जुर्माने के रूप में दो करोड़ 81 लाख की वसूली हुई थी। पं। दीनदयाल उपाध्याय मंडल में 25 हजार यात्रियों से एक करोड़ 68 लाख और धनबाद मंडल में 33 हजार बेटिकट यात्रियों से एक करोड़ 39 लाख की वसूली हुई।

पिछले वर्ष का आंकड़ा पार
समस्तीपुर रेलमंडल ने एक दिन के टिकट जांच में पिछले वर्ष के रिकार्ड को तोड़कर सर्वाधिक जुर्माना वसूलने का नया कीर्तिमान बनाया है। एक दिन में टिकट जांच से 67.72 लाख रुपये अर्जित किया है। 22 नवंबर, 2022 को 67.68 लाख रुपये आय अर्जित किया था। मंडल रेल प्रबंधक विनय श्रीवास्तव ने बताया कि मंडल में बेहतर कार्य किया जा रहा है। बिना टिकट और उचित प्राधिकार यात्रा करनेवाले यात्रियों को निरुत्साहित व टिकट लेकर यात्रा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। मेल, एक्सप्रेस व सवारी गाडिय़ों में बिना टिकट पकड़े गए यात्रियों से नियमानुसार टिकट शुल्क और जुर्माना वसूला गया है। मंडल में आगे भी टिकट जांच अभियान चलाया जाएगा।