-घर में पलंग पर मिले तीनों शव, रिटायर्ड सिपाही की दूसरी पत्नी थी महिला

NAWADA: नवादा के रजौली में रिटायर्ड सिपाही की पत्नी और दो बेटों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। तीनों शव मंडे की सुबह घर के कमरे से एक ही पलंग पर मिलते ही कोहराम मच गया। नवादा जिलान्तर्गत रजौली थाना क्षेत्र के प्राणचक विनोबा नगर टोला में वारदात हुई। पुलिस लूट के दौरान या संपत्ति विवाद में हुई हत्या को कारण मानकर जांच में जुटी है। 45 वर्षीय लाछो देवी के पति शिवनारायण चौधरी दो महीने पहले पटना ट्रैफिक पुलिस से रिटायर्ड हुए थे। वे जहानाबाद के मखदुमपुर थाना के आकोपुर के निवासी हैं। रजौली में भी घर बनाया है। लाछो के साथ 13 वर्षीय बड़े पुत्र राजीव कुमार और दस वर्षीय छोटे पुत्र राज कुमार की भी मौत हुई है।

फोरेंसिक टीम कर रही जांच

बताया गया कि पड़ोस की आशा देवी सुबह लाछो देवी को जगाने पहुंचीं तो देखा कि घर का मेन दरवाजा और कमरा खुला था और पलंग पर महिला और दोनों बेटों के शव पड़े थे। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। तीन की मौत की खबर सुन गांव वाले दंग रह गए। भीड़ जुट गई। थानाध्यक्ष के बाद प्रभारी एसपी आनंद कुमार ने भी मौका मुआयना किया।

लूट या संपत्ति विवाद में हत्या की आशंका

लाछो के चेहरे पर खरोंच के निशान थे। अंगुली से सोने की अंगूठी गायब थी। सामान बिखरा पड़ा था। लिहाजा लूट के दौरान हत्या की आशंका जताई जा रही है। लोगों ने बताया कि लाछो रिटायर्ड सिपाही की दूसरी पत्नी थी। वे अपना वेतन दोनों पत्‍ि‌नयों को देते थे। रिटायर्ड होने के बाद विभाग से एकमुश्त अच्छी राशि मिली होगी। लिहाजा संपत्ति विवाद भी कारण हो सकता है।

प्रथमदृष्टया हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। फोरेंसिक टीम बुलाई गई है। श्वान दस्ता भी आया है। कारणों का पता लगाया जा रहा है। जांच हो रही है।

-आनंद कुमार, प्रभारी एसपी, नवादा