- घर से निकलते ही भतीजे ने अपने साथियों के साथ मिलकर बीच सड़क चाचा को मारी गोली

- इलाज के दौरान हुई मौत, मकान को लेकर काफी दिनों से परिवार में चल रहा था विवाद

PATNA (4 Dec)

: पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के नेहरू नगर में शुक्रवार शाम करीब सवा पांच बजे जमीन विवाद को लेकर भतीजे ने साथियों के साथ मिलकर घर के सामने ही अपने चाचा को गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद बाइक से अपने साथियों के साथ फरार हो गया। गोली मारने की सूचना मिलते ही पाटलिपुत्र और बुद्धा कॉलोनी थानाध्यक्ष सहित काफी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मृतक की पहचान सतीश कुमार पिता शत्रुघ्न सिंह के रूप में हुई। घरवाले आनन-फानन में सतीश को पास के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

भाई से था विवाद

परिवार से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सतीश दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई दिलीप के साथ मकान को लेकर काफी दिनों से सतीश के साथ विवाद था। एक प्लॉट पर चार मंजिला दो मकान बना हुआ है। जिसमें से एक मकान सतीश के हिस्से में है जबकि दूसरे मकान में दिलीप और उसके मां-बाप रहते हैं। मां-बाप दो फ्लैट में दिलीप से अलग रहते हैं। दिलीप का बेटा सीमांत है। वह अपराधी प्रवृति का है। वह सतीश से मकान उसे देने के लिए बार-बार धमकी देता था। कई बार उसने मारपीट भी की थी। इसी वर्ष 6 जून को जेल गया था। लगभग दो माह पहले जेल से छूटकर बाहर आया था।

पास से मारी गोली

मृतक की मां और पत्नी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब पांच बजे सतीश कूड़ा फेंकने के लिए घर से बाहर निकले थे। इसी बीच सीमांत अपने साथियों के साथ बाइक पर आया और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाने लगा। सतीश के सीने और पेट में तीन गोली लगी। वह खून से लथपथ होकर गिर गए और छटपटाने लगे। गोली चलने की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य घर से बाहर निकले। तत्काल पास के ही एक प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। जहां इलाज के दौरान सतीश की मौत हो गई।

उठा बाप का साया

सतीश अपने मकान में पत्नी ऋचा और बेटा-बेटी के साथ रहते थे। बेटा आशुतोष कुमार लगभग पांच साल है। बेटी की उम्र लगभग एक साल है। पत्नी का नाम ऋचा है। मृतक सतीश की मां का नाम इंदू देवी है। हॉस्पिटल में मां इंदू और पत्नी ऋचा बार-बार पुलिस से न्याय की गुहार लगा रही थी। पत्नी बिलखते हुए कह रही थी कि हत्यारों को जब फांसी मिलेगी तभी पति को न्याय मिलेगा। वहीं, बेटा भी पापा-पापा कहकर लगातार रोए जा रहा था।

पत्नी से बोला था चाय बनाओ

सतीश कूड़ा फेंकने से पहले पत्नी को चाय बनाने के लिए बोल कर गए था। बकौल पत्नी, उन्होंने कहा था कि चाय बनाओ तब तक मैं कूड़ा फेंककर आता हूं। इसके बाद वह चाय बनाने किचन में चली गई। जैसे ही वह किचन में गई बाहर से गोली चलने की आवाज आई।

दर्ज कराया था मारपीट का केस

मृतक की मां ने बताया कि बड़ा बेटा दिलीप और उसका बेटा सीमांत सतीश से बराबर मारपीट करते था। वह धमकी देता था कि मकान नहीं दिया तो सतीश को गोली मार देंगे। इसे लेकर कुछ दिन पहले पाटलिपुत्र थाने में केस दर्ज कराया था। लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई तो पुलिस के बड़े अफसरों से न्याय की गुहार लगाई थी। लेकिन कहीं सुनवाई नहीं हुई। मां इंदू ने आरोप लगाया कि पुलिस ने इस मामले में उसकी मदद नहीं की।

अपराधी प्रवृति का है सीमांत

मृतक की मां के अनुसार, दिलीप का बेटा सीमांत अपराधी प्रवृति का है। वह मेरे साथ भी मारपीट करता था। उसका संबंध भोलू नाम के अपराधी से है। उसका गैंग है। उसकी गैंग से सीमांत का संबंध है।

भारी संख्या में पुलिस तैनात

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस अफसर के साथ भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इसके अलावा हॉस्पिटल में भी काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे। पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है। जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।

दूध का था कारोबार

मृतक की मां ने बताया कि वह घर से कुछ दूरी पर दूध का कारोबार करता था। इसके अलावा वह हॉस्टल भी चलाता था। बिलखते हुए अपने ही बड़े बेटे दिलीप और पोता सीमांत को फांसी देने की मांग कर रही थी। उसने बताया कि किसी भी कीमत पर उसे सजा दिलवाएंगे।

भतीजा ने ही अपने चाचा को गोली मारी है। पाटलिपुत्र स्थित प्राइवेट हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने अपने जेठ, भतीजा सीमांत और अज्ञात के खिलाफ गोली मारने का आरोप लगाया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है़ घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है।

- राज किशोर सिंह, डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर कोतवाली