पटना(ब्यूरो)। बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राजधानी स्थित बुद्ध स्मृति पार्क में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। बौद्ध भिक्षुओं के साथ बैठकर विश्वशांति के लिए मंगल कामना की। राज्य एवं देश की सुख समृद्धि तथा अमन-चैन का आशीष मांगा। मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क में भगवान बुद्ध, बोधि वृक्ष तथा आनंद बोधि वृक्ष की पूजा की। भंते गौतम तथा रेवता भंते ने मुख्यमंत्री को पूजा कराई। मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क स्थित पाटलिपुत्र करुणा स्तूप में भगवान बुद्ध की पवित्र अस्थिकलश के सामने पूजा की।


बुद्ध म्यूजियम भी गए सीएम

भंते ने मुख्यमंत्री को बुद्ध स्मृति पार्क में प्रतिस्थापित बुद्ध की प्रतिमा तथा बोधगया व श्रीलंका के अनुराधापूरम से लाए गए वृक्ष की पूजा करायी। मुख्यमंत्री ने बुद्ध स्मृति पार्क स्थित बुद्ध म्यूजियम का भी भ्रमण किया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री आवास स्थित बौद्ध शिला तथा बोधिवृक्ष की पूजा की। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, वित्त एवं वाणिज्यकर मंत्री विजय कुमार चौधरी, जल संसाधन मंत्री संजय कुमार झा, भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डा। एस सिद्धार्थ,, अतिरिक्त परामर्शी मनीष कुमार वर्मा, नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव अरुणीश चावला व बोध गया टेंपल मैनेजमेंट कमेटी की सदस्य श्वेता महारथी सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।