-एसबीआई और निजी को छोड़ अन्य बैंक रहेंगे बंद

PATNA: गुरुवार को सेंट्रल ट्रेड यूनियन की हड़ताल रहेगी। बुधवार को बैंक, एलआइसी सहित कई विभागों में हड़ताल को सफल बनाने की तैयारी चलती रही। शाम को जीपीओ गोलंबर से बुद्धा प्लाजा तक मशाल जुलूस निकाला गया। हड़ताल से कई विभागों में सरकारी सेवाएं भी प्रभावित हो सकती हैं। बैंकों की 3 यूनियनों ने भी समर्थन किया है।

एसबीआई को छोड़कर वाणिज्यिक, ग्रामीण और सहकारी बैंकों में शटर गिरा रहेगा। भारतीय स्टेट बैंक इस हड़ताल में शामिल नहीं है। हालांकि, भारतीय मजदूर संघ-बिहार ने कहा कि संघ इस हड़ताल में शामिल नहीं है। प्रदेश महामंत्री उमा प्रसाद वाजपेयी ने कहा कि यह हड़ताल राजनीति से प्रेरित है। सरकार मजदूरों के हित में निर्णय ले रही है, और हम इसका स्वागत करते हैं। हालांकि, आइआर कोड एंड ओएसएच एंड डब्ल्यूबीसी कोड को हमारा संघ भी श्रमिक विरोधी मानता है और इसके खिलाफ हम लड़ रहे हैं।

बैंक सेवाएं पूरी तरह रहेंगी बंद

उधर, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के वरीय उपाध्यक्ष डॉ। कुमार अरविंद और बिहार प्रोविंसियल बैंक इंप्लाइज एसोसिएशन के उपमहासचिव संजय तिवारी ने कहा कि हड़ताल की तैयारी कर ली गई है। बैंक सेवाएं पूरी तरह से बंद रहेंगी।