- कैदी की मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर एनएच जाम कर रहे थे ग्रामीण

- घटना में दस पुलिसकर्मी हुए जख्मी, पांच हिरासत में

JEHANABAD: शराब मामले में गिरफ्तारी के बाद जहानाबाद जिले के परसबिगहा थाना क्षेत्र के सरता गांव निवासी गोविंद मांझी की औरंगाबाद के दाउदनगर उप कारा में हुई मौत के बाद मुआवजा और पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को जहानाबाद-अरवल राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया। नेहालपुर के समीप एनएच पर जाम हटाने पहुंची पुलिस पर ग्रामीण ईट-पत्थर और लाठी डंडे लेकर टूट पड़े। ग्रामीणों के उग्र रूप को देखकर उल्टे पांव पुलिस के भागने पर भगदड़ मच गई जिसमें महिला हवलदार कांति देवी (54) की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पथराव में दस पुलिसकर्मियों को गंभीर रूप चोटें आई हैं। उपद्रवियों ने इस दौरान कई चक्र गोली भी चलाई। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने भी चार राउंड फाय¨रग की।

5 लोग हिरासत में

भीड़ के पुलिस बल को दौड़ाने पर वाहन की चपेट में आकर मरने वाली महिला हवलदार पटना जिले के नौबतपुर के आदमपुर पिपलावां गांव की निवासी थीं। एसपी दीपक रंजन ने बताया कि मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क जाम कर उपद्रव फैलाने वाले असामाजिक तत्वों की वीडियो फुटेज के आधार पर पहचान की जा रही है। सभी को प्राथमिकी में नामजद कर गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार, परसबिगहा थाना क्षेत्र के सरता गांव निवासी गो¨वद मांझी को शराब के मामले में 19 जुलाई को गिरफ्तार किया गया था। उसे औरंगाबाद जिले के दाउदनगर उप कारा भेजा गया था। वह नशे का आदी था। गुरुवार को उसकी अचानक तबीयत खराब हो गई। इलाज के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। पुलिस ने गांव आकर स्वजनों को शव सौंप दिया। ग्रामीणों ने उसकी मौत को पुलिसकर्मियों की लापरवाही मान शनिवार की सुबह नेहालपुर के समीप एनएच पर जाम लगा दिया। खबर मिलते ही जहानाबाद, परसबिगहा, शकुराबाद थाने की पुलिस के साथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक कुमार पांडेय पहुंचे। वे ग्रामीणों को समझा रहे थे कि लोग उग्र हो गए और पत्थरबाजी करने लगे। कई लोग लाठी-डंडा लेकर पुलिस बल की ओर दौड़े। उन्होंने बताया कि सड़क जाम कर रहे लोग फाय¨रग भी कर रहे थे।

क्या है पूरा मामला

औरंगाबाद की दाउदनगर उप कारा में समीप के आठ जिलों के गिरफ्तार आरोपितों के लिए क्वारंटाइन जेल बनाई गई है। जहानाबाद के ग्राम सरता के बढ़न मांझी का 25 वर्षीय पुत्र गो¨वद मांझी शराब बनाने और बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वह शराब का आदि था। इस कारण स्वस्थ नहीं था। जेल अधीक्षक उदय कुमार ने बताया कि गुरुवार को उसकी तबीयत खराब हुई तो उप कारा के डाक्टर सुभाष चंद्र ने अनुमंडल अस्पताल रेफर किया। वहां उसे दवा दी गई। चिकित्सकों ने हालत सुधरने पर गुरुवार की रात में ही उसे डिस्चार्ज कर दिया। शुक्रवार को दिनभर वह ठीक था। रात्रि में खाना भी खाया। देखरेख के लिए दो बंदी को उसके साथ उसके वार्ड में रखा गया था। शुक्रवार की देर रात अचानक उसकी तबीयत खराब हुई। दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई। सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव स्वजनों को सौंप दिया गया।