पटना(ब्यूरो)। राजधानी समेत प्रदेश में पछुआ हवा के कारण 30 जिलों के अधिकतम तापमान में वृद्धि आई है। 43.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर दूसरे दिन भी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। वहीं पटना का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश में पछुआ हवा का प्रवाह बना रहेगा। इससे अगले तीन दिनों के दौरान हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटा व झोंके के साथ 20-30 किमी प्रति घंटा रहेगी। अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री वृद्धि हो सकती है। पांच दिनों बाद एक बार फिर मौसम करवट लेगा। बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा का प्रवाह होने के कारण तापमान में गिरावट आएगी। अगले 24 घंटों के दौरान पटना व इसके आसपास का मौसम शुष्क बना रहेगा, लोग गर्मी से परेशान रहेंगे। रविवार को सूर्य के तल्ख तेवर से गर्मी के कारण लोग परेशान रहे। हवा की गति 10-15 किमी प्रति घंटा बनी रही।


प्रमुख शहरों के तापमान में वृद्धि
पटना के अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री, गया में 1.6 डिग्री, औरंगाबाद में 1.8 डिग्री, बक्सर में 3.1 डिग्री, भोजपुर में 2.4 डिग्री, छपरा में 1.5 डिग्री, मुजफ्फरपुर में 1.4 डिग्री, मोतिहारी में 1.5 डिग्री, भागलपुर में 1.2 डिग्री, बांका में 0.7 डिग्री, कटिहार में 1.6 डिग्री, पूर्णिया में 1.4 डिग्री, अररिया में 0.9 डिग्री, पूसा में 1.3 डिग्री, शेखपुरा में 1.7 डिग्री, खगडिय़ा में 2.1 डिग्री, जमुई में 1.2 डिग्री, नालंदा में 1.3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई।