पटना ब्यूरो। राजधानी सहित प्रदेश के अधिसंख्य भागों में गुरुवार को सुबह के समय हल्के दर्जे का कोहरा छाया रहेगा। वहीं पर्वतीय इलाकों से आ रही सर्द पछुआ हवा के कारण सुबह-शाम कनकनी बनी रहेगी। इसके कारण राजधानी समेत प्रदेश के न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। वहीं पटना समेत तमाम जिलों में पछुआ हवा की गति 15-25 किमी प्रतिघंटा रहने की संभावना है। इन मौसमी प्रभावों के कारण प्रदेश के न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री गिरावट आ सकती है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 12-13 फरवरी को पटना सहित दक्षिण पश्चिम भागों के बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल एवं दक्षिण मध्य भागों के गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद के एक या दो स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। मौसम में आए बदलाव के कारण बुधवार को पटना सहित 25 शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना के न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री गिरावट के साथ 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 8.0 डिग्री सेल्सियस के साथ मोतिहारी में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पटना सहित 19 शहरों के अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। 23.8 डिग्री सेल्सियस राजधानी का अधिकतम तापमान व 24.8 डिग्री सेल्सियस के साथ मधुबनी व अररिया में सर्वाधिक न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। बुधवार को पटना व आसपास इलाकों में दिन में धूप निकलने के बावजूद सर्द हवा से सुबह-शाम कनकनी का प्रभाव बना रहा।
प्रमुख शहरों के न्यूनतम तापमान में गिरावट :

शहर गिरावट तापमान

पटना 3.4 11.6

गया 4.1 10.5

भागलपुर 1.6 12.6

मुजफ्फरपुर 3.9 11.7

बक्सर 4.0 11.0

कैमूर 3.7 11.7

नवादा 1.9 13.7

शेखपुरा 2.6 12.4

बांका 2.1 10.5

पूर्णिया 2.3 13.5

बेगूसराय 1.2 12.8

दरभंगा 3.4 11.2

मोतिहारी 4.5 8.0

(तापमान डिग्री सेल्सियस में)