- दो की संख्या में थे अपराधी, एक आरोपी धराया, रंगदारी के लिए गोली मारने का आरोप

ARA :

प्रदेश में सरकार और पुलिस क्राइम कंट्रोल को लेकर बार-बार बैठक कर रही है। अपराधियों को पकड़ने के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही है, लेकिन अपराधी हैं कि खुलेआम पुलिस को चैलेंज देकर वारदात कर रहे हैं। पटना से सटे भोजपुर जिले में भी अपराधी बेलगाम होते जा रहे हैं। भोजपुर जिले के चौरी थाना क्षेत्र अन्तर्गत बंगौटी गांव के समीप शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने एक कपड़ा व्यवसायी को गोली मार दी और फरार हो गए।

मामला रंगदारी का

जख्मी व्यवसायी 30 वर्षीय विनायक राय सिकरहटा थाना क्षेत्र के बागर गांव का निवासी शिवजी राय के पुत्र है। इलाज के लिए आरा शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली पेट के पास लगी है। अपराधी दो की संख्या में थे। इधर, घायल व्यवसायी ने 50 हजार रंगदारी नहीं दिए जाने के चलते गोली मारे जाने का आरोप लगाया है। दो के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसके आधार पर पुलिस इस मामले में एक संदिग्ध राजन कानू को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि, दूसरे आरोपी उपेन्द्र यादव की तलाश में छापेमारी जारी है।

रास्ते में रोक मारी गोली

घटना रात साढ़े नौ बजे की हैं। इधर, एसपी हर किशोर राय के अनुसार बंगौटी गांव में दो पड़ोसियों के बीच वाद-विवाद हुआ था। व्यवसायी रात में बंगौटी गांव में गया हुआ था, तभी घटना घटित हुई है। बताया जाता है कि सिकरहटा थाना क्षेत्र के बागर गांव नवासी विनायक राय का मोपती बाजार पर कपड़े की दुकान है। शुक्रवार की रात कपड़ा व्यवसायी आरा से अपनी पत्नी के साथ बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी बीच बंगौटी गांव के समीप दो हथियारबंद बदमाशों ने उनकी बाइक को रोका और उन्हें गोली मार दी। इसके बाद फरार हो गए। बाद में सूचना मिलने पर पीरो डीएसपी अशोक कुमार आजाद व चौरी थानाध्यक्ष पवन कुमार वहां पहुंच गए। ग्रामीणों से पूछताछ कर जानकारी ली। इस दौरान घायल दुकानदार को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।